मंदसौर। जिले के सुवासरा नगर में कर्ज के बोझ से परेशान 40 वर्षीय मनीष कुमार व्यास ने शुक्रवार को सुवासरा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक के पास से मिले सुसाइड नोट ने सनसनी फैला दी। नोट में मनीष ने भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष अमजद पठान और उनके भाई आजाद पठान को आत्महत्या के लिए पूरी तरह जिम्मेदार ठहराया है।
सुसाइड नोट में लिखी दिल दहला देने वाली बातें
मनीष ने नोट में लिखा:
“मैं अपनी मर्जी से आत्महत्या कर रहा हूँ। परिजनों का कोई कसूर नहीं। घर की सारी चीजें गिरवी रख चुका हूँ। अमजद पठान से मेरे ५४ लाख रुपये लेने हैं। वो रोज टालता रहता है। ब्याज चुकाते-चुकाते थक गया। अमजद जो प्लॉट देता, पहले पैसे ले लेता और बाद में प्लॉट विवादित निकल जाता। इसी से मैं पूरी तरह बर्बाद हो गया। देश का कानून मेरे परिवार की मदद करे। मेरी हत्या की पूरी जिम्मेदारी अमजद पठान, उनके भाई आजाद पठान और उनके परिवार की है।”

पुलिस ने दर्ज किया प्रकरण, मुख्य आरोपी फरार
सुवासरा पुलिस ने सुसाइड नोट के आधार पर देर रात अमजद पठान और आजाद पठान के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का प्रकरण दर्ज कर लिया। मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। सूत्र बताते हैं कि मुख्य आरोपी अमजद पठान फरार है। मनीष की आत्महत्या के विरोध में हिंदूवादी संगठनों ने शनिवार को सुवासरा बंद रखने का ऐलान किया था।
पेट्रोल पंप चौराहे पर शव रखकर किया विरोध
आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजन और स्थानीय लोग पेट्रोल पंप चौराहे पर मनीष का शव रखकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। सीतामऊ एसडीओपी दिनेश प्रजापति मौके पर पहुँचकर समझाइश दे रहे हैं, लेकिन प्रदर्शनकारियों का गुस्सा शांत नहीं हो रहा।
अमजद के अवैध मकान पर चला बुलडोजर
प्रदर्शनकारियों की मांग पर प्रशासन हरकत में आया। नगरपालिका और प्रशासन की संयुक्त टीम ने अमजद पठान के चौमहला रोड स्थित अवैध मकान पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त करना शुरू कर दिया है।

Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









