सुवासरा। नगर के सुवासरा गांव निवासी किसान मनीष व्यास पिता बंशीलाल व्यास उम्र 40 वर्ष ने शुक्रवार शाम करीब 5 बजे ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। घटनास्थल से मिले सुसाइड नोट में मनीष ने आत्महत्या का कारण भाजपा नेता अमजद पठान को बताया। नोट के अनुसार, जमीन क्रय-विक्रय के दौरान अमजद ने मनीष से लिए रुपये वापस नहीं लौटाए, जो मनीष ने बाजार से कर्ज लेकर दिए थे। कई बार संपर्क के बावजूद बात नहीं बनी, जिससे निराश होकर मनीष ने यह कदम उठाया। नोट में लेनदेन का पूरा विवरण दर्ज है।
घटना के बाद परिवारजन, सर्वसमाज और हिंदू संगठनों ने थाने में अमजद पठान व उसके भाइयों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की कार्रवाई की मांग की। देर रात पुलिस ने अमजद सहित उसके दो भाइयों पर संबंधित धारा के तहत प्रकरण दर्ज किया।

चक्काजाम और धरना प्रदर्शन
शनिवार सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक परिवारजन व हिंदू संगठनों ने मनीष के शव के साथ पेट्रोल पंप चौराहे पर चक्काजाम किया। इससे मंदसौर की ओर से आने वाली बसें कांटिया चौराहे पर रोक दी गईं, जबकि शामगढ़ जाने वाली बसों को बसई व अजयपुर रास्ते डायवर्ट किया गया। निजी वाहनों को भी नगर में प्रवेश में परेशानी हुई।

प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग अमजद पठान के अवैध मकानों पर बुलडोजर चलाने की थी। पुलिस प्रशासन ने शुरू से ही मौके पर डेरा जमाया। सीतामऊ एसडीओपी दिनेश प्रजापति, गरोठ एसडीओपी विजय यादव, सुवासरा थाना प्रभारी अनिल रघुवंशी व सीतामऊ कमलेश प्रजापति ने कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने।
भाजपा नेताओं की रही मौजूदगी
– पूर्व विधायक राधेश्याम पाटीदार के पुत्र एवं जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि विजय पाटीदार सबसे पहले पहुंचे, मांग पत्र तैयार किया और प्रदर्शनकारियों के साथ सड़क पर बैठ गए।
– इसके बाद भाजपा मंडल अध्यक्ष दिलीप सिंह मंडलोई भी धरने में शामिल हुए।
– ढाई घंटे बाद विधायक हरदीपसिंह डंग पहुंचे, तो लोगों ने उनके व पुलिस प्रशासन के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए। विधायक ने चर्चा कर आश्वासन दिया, फिर पीड़ित परिवार के साथ शव के पास बैठ गए और आला अधिकारियों से बात की।
– विधायक ने नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि डॉ. बालाराम परिहार को कार्रवाई के निर्देश दिए। राजस्व नियमों का हवाला देने पर विधायक ने फटकार लगाई।
अंततः सीएमओ जीवनराय माथुर परिषद अमले के साथ चोमैला मार्ग पहुंचे और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में दो जेसीबी से अमजद पठान के 550 वर्ग फीट अवैध अतिक्रमण को जमींदोज कर दिया।
इसके बावजूद प्रदर्शनकारी शाम 4 बजे तक डटे रहे। गरोठ एडिशनल एसपी हेमलता कुरील व मंदसौर एडिशनल एसपी टीएस बघेल की समझाइश पर प्रदर्शनकारियों ने एसडीएम सीतामऊ शिवानी गर्ग को ज्ञापन सौंपा और शव अंतिम संस्कार के लिए ले गए।
ज्ञापन की प्रमुख मांगें
– अमजद पठान व रिश्तेदारों की अवैध संपत्ति पर कार्रवाई कर कब्जा हटाया जाए।
– संपत्ति बेचकर राशि मृतक मनीष व्यास के परिवार को दी जाए।
– अमजद पर रासुका लगाकर बैंक खाते सीज किए जाएं।
– अमजद से पीड़ित अन्य लोगों को न्याय दिलाया जाए।
– चक्काजाम में शामिल किसी व्यक्ति पर प्रकरण दर्ज न हो।
प्रदर्शन के दौरान मंदसौर वायडी थाना प्रभारी शिवांशु मालवीय, पिपल्या मंडी थाना प्रभारी संदीप सिंह मंगोलिया, दलौदा शुभम व्यास, बूढ़ा चौकी प्रभारी विकास गेहलोत, तहसीलदार रामलाल मुनिया, सीएमओ जीवनराय माथुर सहित नगर परिषद कर्मचारी मौजूद रहे।
भाजपा से अमजद का निष्कासन
अमजद पठान पर कई वर्षों से अनैतिक गतिविधियों के आरोप हैं, लेकिन संगठन ने कोई कार्रवाई नहीं की। शनिवार को सोशल मीडिया पर मामला वायरल होने व टिप्पणियों के बाद शाम को भाजपा जिलाध्यक्ष ने अमजद को सभी पदों व प्राथमिक सदस्यता से मुक्त कर दिया।
यह कहना है इनका
“प्रदर्शनकारियों की मांगों का ज्ञापन मिला है। संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन में दिए गए बिंदुओं पर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।”- शिवानी गर्ग, एसडीएम सीतामऊ
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









