कर्ज बढ़ने पर सरकारी इंजीनियर के बेटे ने रची खुद के अपहरण की कहानी, 50 लाख फिरौती मांगने की योजना का मन्दसौर पुलिस ने किया पर्दाफाश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मंदसौर। लोक निर्माण विभाग में पदस्थ इंजीनियर कमल जैन के पुत्र हर्शल जैन उम्र 26 वर्ष ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर खुद के अपहरण की झूठी कहानी गढ़ी और परिवार से 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी। यह साजिश कर्ज चुकाने के लिए रची गई थी। मंदसौर पुलिस ने मामले का खुलासा कर हर्शल और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो आरोपी फरार हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 13 नवंबर 2025 को अज्ञात व्यक्ति ने कमल जैन को फोन कर उनके पुत्र हर्शल जैन के अपहरण की सूचना दी और 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी। इस पर थाना शामगढ़ में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ हेमलता कुरील के पर्यवेक्षण में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मल्हारगढ़ नरेन्द्र सोलंकी एवं सीतामऊ दिनेश प्रजापति के संयुक्त नेतृत्व में 7 टीमों का गठन किया। ये टीमें थाना शामगढ़, वायडीनगर, नारायणगढ़, मल्हारगढ़ और सीतामऊ से थीं, जिन्हें अलग-अलग क्षेत्रों में तलाशी के लिए भेजा गया।

सायबर सेल की मदद से हर्शल के मोबाइल नंबर, वाहन, फास्ट टैग डिटेल, दोस्तों और व्यवसाय की जानकारी जुटाई गई। जांच में पता चला कि हर्शल शामगढ़ का निवासी है, लेकिन राजस्थान के कोटा में कूलर की पेड बनाने की फैक्ट्री शुरू करने वाला था। वह अपने दोस्त के साथ देशी चाय की ठेके के नाम से दुकान भी चलाता था।

ऐसे हुआ साजिश का खुलासा
पुलिस टीमों ने कोटा, बूंदी, हिंडोली सहित संभावित स्थानों पर दबिश दी। हर्शल का सबसे अच्छा दोस्त गणपत सिंह हाडा कोटा में उसके साथ रहता था, लेकिन तलाशी में नहीं मिला। तकनीकी जानकारी से गणपत को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसने कबूल किया कि हर्शल ने कर्ज चुकाने के लिए उसके साथ मिलकर योजना बनाई थी।

हर्शल ने गणपत सिंह हाडा, जनरेल सिंह निवासी बालोला, हिंडोली, बूंदी और कुलदीप निवासी अमरतिया चौराहा, बूंदी के साथ मिलकर अपहरण की झूठी सूचना देकर परिवार से 50 लाख रुपये मांगने और राशि बांटने की साजिश रची। पुलिस के अथक प्रयासों से यह फर्जी अपहरण का पर्दाफाश हुआ।

गिरफ्तार और फरार आरोपी

गिरफ्तार:
1. हर्शल जैन पिता कमल जैन, उम्र 26 वर्ष, निवासी शामगढ़, जिला मंदसौर।
2. गणपत सिंह पिता महेन्द्र सिंह हाडा, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम सलमपुर, तह. हिंडोली, जिला बूंदी (राजस्थान)।

फरार:
1. जनरेल सिंह पिता सुखविन्दर सिंह, निवासी ग्राम बालोला, तह. हिंडोली, जिला बूंदी (राजस्थान)।
2. कुलदीप पिता राजुलाल कहार, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम अमरतिया चौराहा, बूंदी (राजस्थान)।

इस मामले में निरीक्षक कमलेश प्रजापति थाना प्रभारी सीतामऊ, राजेन्द्र पवार थाना प्रभारी नारायणगढ़, उनि अभिषेक बोरासी थाना प्रभारी शामगढ़, मनोज महाजन चौकी चंदवासा, कपिल सौराष्ट्रीय चौकी प्रभारी मुल्तानपुरा, विनय बुंदेला थाना वायडीनगर, संजय प्रताप सिंह थाना मल्हारगढ़, प्र.आर. आशीष बैरागी, मुजफ्फर खान, आर. मनीष सायबर सेल मंदसौर, कमलपाल चौकी मुल्तानपुरा, प्र.आर. दशरथ मालवीय, धनपाल, आर. हीरा यादव, इरफान थाना शामगढ़, नरेन्द्र सिंह एवं जितेन्द्र सिंह शक्तावत थाना मल्हारगढ़ का योगदान सराहनीय रहा।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!