बसई में सरकारी जमीन पर चल रही शराब दुकान को प्रशासन ने किया सील, कल हटेगा अतिक्रमण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लाइसेंस प्राप्त परिसर के बजाय सर्वे नंबर 116 की शासकीय भूमि पर हो रहा था संचालन; दुकान पर मिलीं कई अनियमितताएं, आबकारी विभाग ने जारी किया नोटिस

मंदसौर। ग्राम बसई में शासकीय भूमि पर शराब दुकान संचालित किए जाने के मामले में आखिरकार प्रशासन ने कार्रवाई की है। सीतामऊ एसडीएम शिवानी गर्ग के नेतृत्व में की गई जांच के दौरान सामने आया कि शराब दुकान का संचालन निर्धारित लाइसेंस प्राप्त परिसर के बजाय शासकीय भूमि पर किया जा रहा था। प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित दुकान को सील कर दिया। वहीं, शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण के संबंध में नोटिस चस्पा कर दिया गया है। प्रशासन के अनुसार, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई रविवार को की जाएगी।

लाइसेंस की जगह सरकारी जमीन पर चल रही थी दुकान
प्रशासनिक निरीक्षण के दौरान पाया गया कि सुवासरा तहसील के ग्राम बसई में शराब दुकान का संचालन शासकीय भूमि सर्वे क्रमांक 116 पर अनाधिकृत रूप से किया जा रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित शराब विक्रेता निर्धारित लाइसेंस प्राप्त परिसर के बजाय शासकीय भूमि पर दुकान संचालित कर शराब का विक्रय कर रहा था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने दुकान को सील कर दिया। शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण को लेकर नोटिस चस्पा किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

लाइसेंस वाले परिसर में भी मिलीं अनियमितताएं
कार्रवाई के दौरान शराब विक्रेता ने दुकान को वास्तविक लाइसेंस प्राप्त परिसर में स्थानांतरित किया। हालांकि, वहां निरीक्षण करने पर भी कई अनियमितताएं सामने आईं।
जांच में दुकान पर निर्धारित दर सूची प्रदर्शित नहीं मिली। इसके अलावा पीओएस मशीन उपलब्ध नहीं थी और बिल रजिस्टर भी प्रस्तुत नहीं किया गया। दुकान परिसर में कुछ व्यक्तियों को शराब का सेवन करते हुए भी पाया गया, जबकि परिसर में शराब का सेवन प्रतिबंधित है।
इन अनियमितताओं के संबंध में आबकारी विभाग ने संबंधित लाइसेंसधारी को नोटिस जारी किया है। प्रशासन के अनुसार, संतोषजनक जवाब नहीं मिलने और शासकीय भूमि पर अनधिकृत रूप से दुकान संचालित किए जाने के मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी।

एसडीएम के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सीतामऊ शिवानी गर्ग के नेतृत्व में की गई। इस दौरान तहसीलदार कयामपुर मोहित सीनम, सुवासरा कार्यपालिक मजिस्ट्रेट रामलाल मुनिया, नायब तहसीलदार सुवासरा आकाश वसुनिया, संबंधित हल्का पटवारी और आबकारी निरीक्षक अमित टेकाम मौजूद रहे।

गुराड़िया प्रताप की दुकान को लेकर भी उठे सवाल
बसई शराब दुकान का मामला सामने आने के बाद अब क्षेत्र में अन्य शराब दुकानों के संचालन और उनके लिए निर्धारित भूमि को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। सूत्रों के हवाले से जानकारी सामने आई है कि रविवार से जिस स्थान पर एक अन्य शराब ठेका शुरू होना है, वहां भी सरकारी भूमि के सीमांकन और भूमि संबंधी रिकॉर्ड में हेरफेर की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इस संबंध में अभी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

बसई मामले को सामने लाने में सहयोग करने वाले सुमेर सिंह द्वारा संबंधित भूमि की जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने सुवासरा क्रमांक-2 की शराब दुकान के गुराड़िया प्रताप में संचालन से जुड़ी जानकारी भी सोशल मीडिया पर साझा की थी।

अब सवाल यह है कि क्या प्रशासन अन्य शराब दुकानों के संचालन स्थलों और उनके लाइसेंस संबंधी दस्तावेजों की भी जांच करेगा? बसई में कार्रवाई के बाद क्षेत्र के लोगों की निगाहें आबकारी विभाग और प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हैं।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!