सुवासरा में चोरों का आतंक: एक रात में आधा दर्जन जगहों पर चोरी, पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के साथ मंदिर भी चोरों के निशाने पर, पुरानी चोरियां ट्रेस करने में भी पुलिस को नहीं मिली सफलता

मन्दसौर। सुवासरा के बस स्टैंड क्षेत्र में बुधवार रात चोरों ने जमकर आतंक मचाया। एक ही रात में आधा दर्जन से अधिक जगहों पर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया गया, जिसमें नकदी, गहने और अन्य कीमती सामान चुराए गए। इन घटनाओं ने पुलिस की गश्त और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में चोरियों के बढ़ते ग्राफ से भय का माहौल है, जबकि पुलिस का सुस्त रवैया चोरों के हौसले बुलंद कर रहा है।

एसडीओपी का बेतुका बयान
इस मामले में एसडीओपी दिनेश प्रजापति का बयान चर्चा में है। उन्होंने कहा, “चोरी हुई नकद राशि कोई मायने नहीं रखती।” यह बयान आमजन की मेहनत की कमाई को लेकर पुलिस की संवेदनहीनता को दर्शाता है।

यहां हुई चोरी की वारदातें
1.मनीष वेल्डिंग गुमटी: चोरों ने शटर के बोल्ट खोलकर दुकान में प्रवेश किया, लेकिन कुछ चुराया नहीं।
2.अंबिका वेल्डिंग गुमटी: चद्दर काटकर चोरों ने वेल्डिंग मशीन, ड्रिल मशीन, 70 फीट केबल और 500 रुपये नकद सहित 17,000 रुपये का सामान चुराया।
3.लक्ष्मी मोटर वाइंडिंग: चद्दर काटकर 13 टायर (13,000 रुपये) और 12 किलो पीतल के बुच (12,000 रुपये) सहित 25,000 रुपये का सामान चोरी।
4.बालाजी मंदिर: दानपात्र तोड़कर चोर 1,500 रुपये नकद ले गए। दानपात्र और चिल्लर को मंदिर परिसर में फेंक दिया।
5.अन्नपूर्णा मोबाइल शॉप: पीछे का दरवाजा तोड़कर चोरों ने चार्जर, डाटा केबल, मोबाइल ग्लास और एक्सेसरीज सहित 60,000 रुपये का सामान और 2,000 रुपये नकद चुराए।
6.मोहनलाल दानगढ़ की नमकीन दुकान: चद्दर उठाकर चोरों ने 400 रुपये नकद चुराए।
7.नाकोड़ा मोबाइल शॉप: चद्दर काटी गई, लेकिन कुछ चुराया नहीं।
8.राजेश सैलून गुमटी: चद्दर काटकर दो बाल काटने की मशीनें (3,000 रुपये) चुराईं।
9.चामुंडा होटल: चद्दर काटी, लेकिन कुछ चुराया नहीं।

पुलिस की नाकामी, पुरानी चोरियां भी अनसुलझी
सुवासरा में चोरियों का सिलसिला नया नहीं है। कई पुरानी वारदातें अब तक अनसुलझी हैं:
17 जून 2024: गुरुद्वारा साहिब के दानपात्र से 30,000 रुपये चोरी।
6 जून 2024: स्वास्थ्य विभाग के कमलेश ओझा के घर से 17 लाख रुपये के गहने चोरी।
6 जनवरी 2025: गणेश ज्वेलर्स से 3 लाख रुपये के गहने चोरी।
4 अप्रैल 2024: धानमंडी में कियोस्क संचालक संतोष गुप्ता से 2 लाख रुपये की लूट।

विधायक के गृहनगर में भी नहीं रुक रहीं चोरियां
सुवासरा पूर्व मंत्री और विधायक हरदीप सिंह डंग का गृहनगर है, फिर भी पुलिस चोरियों पर अंकुश नहीं लगा पा रही। नगरवासियों ने कई बार थाना प्रभारी कमलेश प्रजापति से सख्त कार्रवाई की मांग की, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। थाना प्रभारी प्रजापति के कार्यकाल में चोरियों का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है।

लगातार चोरियों से स्थानीय लोग भयभीत हैं। पुलिस की निष्क्रियता और लापरवाही के खिलाफ आक्रोश बढ़ रहा है। नगरवासियों का कहना है कि यदि पुलिस और प्रशासन ने जल्द कदम नहीं उठाए, तो हालात और बिगड़ सकते हैं।

एसडीओपी ने कहा-चोरी हुई नगद राशि मायने नहीं रखती
सीतामऊ एसडीओपी दिनेश प्रजापति ने कहा, चोरी हुई नगर राशि कोई मायने नहीं रखती है। जो चोरियां हुई हैं उन्हें जल्द ट्रेस करेंगे। नगर परिषद को सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए कई बार कहा गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। कैमरे लगने से हमें सफलता मिल सकती है।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!