सुवासरा में रात 3 बजे तक गूंजा हास्य, व्यंग्य और राष्ट्रभक्ति का काव्य पाठ
दशपुर दिशा । जुगल वेद
सुवासरा। नगर के पुराने बस स्टैंड पर 24 अक्टूबर, शनिवार को जय माता दी गरबा मंडल सुवासरा के तत्वावधान में आयोजित छठा अखिल भारतीय विराट कवि सम्मेलन साहित्य, संस्कृति और काव्य का यादगार आयोजन बना। रात 8 बजे प्रारंभ हुआ सम्मेलन देर रात 3 बजे तक चलता रहा। देश के विभिन्न क्षेत्रों से पधारे कवियों की प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया और पांडाल बार-बार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

देशभर के कवियों ने बांधा समां
सम्मेलन में आमंत्रित कवियों में राष्ट्रीय कवि एवं वीर रस के रचनाकार वेदव्रत वाजपेयी (लखनऊ), सुरेन्द्र सर्किट (उज्जैन), सतीश मधुप (मैनपुरी), निशा मुनि गौड़ (कोटा), कमलेश दुबे ‘सहज’ (इंदौर), प्रिया खुशबू (आगर), प्रियंका मिश्रा (कटनी), मन कुमार ‘मन’ (अहमदाबाद) तथा शायर डी.जे. सिंह (झालरापाटन) ने काव्य पाठ किया।
कवियों ने हास्य, व्यंग्य, वीर रस, ओज, गीत और गजल के माध्यम से सामाजिक सरोकारों, राष्ट्रप्रेम और जीवन के विविध रंगों को शब्द दिए। हास्य रचनाओं पर श्रोता ठहाके लगाते रहे, वहीं ओजस्वी एवं राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों ने उत्साह का संचार किया। गीतों और भावपूर्ण रचनाओं को भी खूब सराहना मिली। देर रात तक श्रोताओं की उपस्थिति ने साहित्य के प्रति नगरवासियों के प्रेम और आयोजन की लोकप्रियता को दर्शाया।
अतिथियों का सम्मान और अभिनंदन
कार्यक्रम में हरदीप सिंह डंग विधायक, श्रीमती दुर्गा विजय पाटीदार अध्यक्ष जिला पंचायत मंदसौर, श्रीमती प्रियंका गोस्वामी जिला अध्यक्ष महिला मोर्चा मंदसौर, श्रीमती सविता बलराम परिहार अध्यक्ष नगर परिषद स्वास्थ्य समिति, ममता मुकेश सालवी सुवासरा, डॉ के पाटीदार, रामगोपाल काला, राजकुमार जैन, बाबूलाल राठौर, दिलीप सिंह तरनोद, गोवर्धन सिंह आंजना, किशोर पाटीदार पुष्पद्य, नारायण सिंह जागीरदार, कमलचंद जैन, नेपाल सिंह चौहान, जितेंद्र सिंह चौहान दनवाड़ा, नारायण सिंह बोराणा, अशोक जैन व सुरेश धनोतिया सहित आमंत्रित अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और नगर के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। मंडल की ओर से कवियों एवं अतिथियों का सम्मान-अभिनंदन किया गया। कार्यकम का सफल संचालन सुधीर खुराना ने किया ।आभार विजय विश्वकर्मा ने माना।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।








