मन्दसौर जिले के सुवासरा थाना क्षेत्र के बसई में ट्रैक्टर चोरी करने गए कंजरो ने की फायरिंग
रतलाम। कंजर गिरोहों को सूचना देने, चोरी का माल सेटल कराने और संरक्षण देने वाले दलालों व मुखबिरों के नेटवर्क पर रतलाम पुलिस ने बड़ा अभियान चला रखा है। आलोट क्षेत्र में 80 से अधिक दलालों की सूची सामने आने के बाद अब जावरा अनुभाग और रतलाम ग्रामीण क्षेत्र में भी दर्जनों नए नाम सामने आए हैं। पुलिस इनकी कुंडली खंगाल रही है और लगातार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर रही है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार अकेले जावरा अनुभाग में अब तक दो दर्जन से अधिक दलाल व मददगार चिह्नित हो चुके हैं। इनमें से कई पर बाउंड ओवर की कार्रवाई की जा चुकी है, कुछ जेल में हैं। आलोट क्षेत्र में तो 80 दलालों में से 24 को चिह्नित कर 22 को बाउंड ओवर किया जा चुका है।
क्षेत्रवार अब तक की कार्रवाई
– आलोट क्षेत्र- 80 से अधिक दलालों की सूची मिली, 24 चिह्नित, 22 बाउंड ओवर।
– जावरा अनुभाग (रिंगनोद क्षेत्र)- 7 दलाल चिह्नित, 2 जेल में, 3 पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई।
– बड़ावदा थाना क्षेत्र- 9 दलाल चिह्नित, 2 जेल में, 1 को 110 CrPC के तहत बाउंड ओवर।
हाल ही में नामली पुलिस ने भैंस चोरी के मामले में शातिर कंजर संतोष (राजाखेड़ी) को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में बड़ावदा क्षेत्र के लसुडिया जंगली निवासी प्रभुलाल चौधरी का नाम सामने आने पर उसे भी पकड़ा गया।
रतलाम जिले में सक्रिय कंजर डेरे
– आलोट क्षेत्र में राजस्थान के चौमहला, बामन देवरिया और आसपास के कंजर डेरे सक्रिय।
– जावरा अनुभाग में राजाखेड़ी, उकेडिया, ताल और पिपलोदा पंथ के कंजर डेरों से गिरोह वारदातें कर रहे हैं।
कंजरों के अपने-अपने निर्धारित क्षेत्र होते हैं, जहां वे ही वारदात करते हैं।
रतलाम एसपी का बयान
“कंजरों की गतिविधियों और उन्हें संरक्षण देने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। संदिग्धों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। जावरा व आलोट एसडीओपी को सख्त निर्देश दिए गए हैं।”
– अमित कुमार, पुलिस अधीक्षक, रतलाम
पड़ोसी जिले में भी कंजरों की हरकत
मंदसौर जिले के सुवासरा थाना क्षेत्र के बसई गांव में कंजरों ने देर रात करीब 4बजे क्रेशर मशीन से ट्रैक्टर चोरी करने की कोशिश की। क्रेशर कर्मचारी और पुलिस गश्ती दल की मौजूदगी के कारण वे ट्रैक्टर नहीं ले जा सके, लेकिन भागते वक्त फायरिंग कर दी। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीतामऊ एसडीओपी दिनेश प्रजापत ने बताया कि घटना में कंजर या जो भी शामिल है उन सबकी तलाश की कर रही है।
पुलिस का दावा है कि दलालों-मुखबिरों का नेटवर्क टूटने से कंजर गिरोहों पर लगाम लगेगी और क्षेत्र में चोरी की वारदातों में कमी आएगी। अभियान जारी है।
Author: Yogesh Porwal
वर्ष 2012 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय है। राष्ट्रीय समाचार पत्र हमवतन, भोपाल मेट्रो न्यूज, पद्मिनी टाइम्स में जिला संवाददाता, ब्यूरो चीफ व वर्ष 2015 से मन्दसौर से प्रकाशित दशपुर दिशा समाचार पत्र के बतौर सम्पादक कार्यरत, एवं मध्यप्रदेश शासन द्वारा जिला स्तरीय अधिमान्य पत्रकार है। पोरवाल, खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित है तथा खोजी पत्रकारिता सम्मान से सम्मानित भी किए जा चुके है। योगेश पोरवाल ने इग्नू विश्वविद्यालय दिल्ली एवं स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म एंड मास कम्यूनिकेशन, न्यू मीडिया में पीजी डिप्लोमा और मास्टर डिग्री प्राप्त की, इसके अलावा विक्रम विश्वविद्यालय से एलएलबी, एलएलएम और वर्धमान महावीर ओपन विश्वविद्यालय से सायबर कानून में अध्ययन किया है।









