मंदसौर। थाना कोतवाली पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से शुक्रवार देर रात एक व्यक्ति की जान बच गई। कोर्ट रोड स्थित प्राचीन पानी की बावड़ी के पास बने गहरे कुएं में एक व्यक्ति अचानक गिर गया था। करीब 45 मिनट तक कुएं में फंसे रहने के बाद पुलिसकर्मियों ने रस्सी की मदद से उसे सकुशल बाहर निकाल लिया।
पुलिस के अनुसार, रात में गश्त के दौरान व्यक्ति का साथी सड़क पर मदद के लिए चिल्लाता हुआ दिखाई दिया। सूचना मिलते ही थाना मोबाइल और गश्ती दल तुरंत मौके पर पहुंचा। कुएं में गिरा व्यक्ति डिगाव क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है, जो पूजा-पाठ के लिए मंदसौर आया था। अंधेरे और गहरे कुएं के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन जोखिम भरा था, लेकिन पुलिसकर्मियों ने हिम्मत नहीं हारी।
मौके पर मौजूद थाना प्रभारी पी.एस. राठौड़ के नेतृत्व में उप निरीक्षक संदीप मौर्य, एफआरवी जवान रंजीत, आरक्षक हरीश राठौड़, आरक्षक नरेंद्र और निजी वाहन चालक शुभम ने मिलकर रस्सी बांधकर व्यक्ति को ऊपर खींचा। पुलिस के अनुसार यदि दस-पंद्रह मिनट की भी देरी होती तो उसकी जान को गंभीर खतरा हो सकता था।
थाना प्रभारी पी.एस. राठौड़ सहित पूरी टीम की इस साहसिक और सराहनीय कार्रवाई के लिए शहरवासियों में प्रशंसा हो रही है। लोग इसे पुलिस की जनसेवा की बेहतरीन मिसाल बता रहे हैं।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









