अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025 के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले सहकारी बैंक के अधिकारियों-कर्मचारियों को किया सम्मानित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मंदसौर। अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025 के अवसर पर जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्या. मंदसौर के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कलेक्टर एवं बैंक प्रशासक श्रीमती अदिती गर्ग ने सोमवार को सुशासन भवन में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा समीक्षा बैठक में प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।

जिला मंदसौर एवं नीमच में बैंक की 35 शाखाओं तथा संबद्ध 172 प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्थाओं में बेहतर कार्य निष्पादन करने वाले कर्मियों को यह सम्मान दिया गया। बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील कच्छारा ने बताया कि कलेक्टर श्रीमती गर्ग के कुशल मार्गदर्शन में बैंक ने प्रगति के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं, जिससे बैंक की लाभप्रदता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

श्रीमती गर्ग ने पिछले समय-सीमा बैठक में ही निर्णय लिया था कि बैंंकिंग गतिविधियों को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से लागू करने तथा उत्कृष्ट दायित्व निर्वहन करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहित किया जाए। इसी क्रम में निम्नलिखित क्षेत्रों में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित किया गया:

– व्यवसाय विविधीकरण
– ऋण वसूली में उत्कृष्ट कार्य
– एन.पी.ए. (फंसे हुए कर्ज) में कमी
– जमा (अमानत) में वृद्धि
– अल्पावधि एवं मध्यावधि कृषि ऋण वितरण
– के.सी.सी. (किसान क्रेडिट कार्ड) वितरण
– उर्वरक एवं फंड प्रबंधन
– सी.एम. हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों का शीघ्र निराकरण
– फसल बीमा योजना का प्रभावी क्रियान्वयन

समारोह को संबोधित करते हुए कलेक्टर अदिती गर्ग ने कहा, “अच्छा कार्य करने वाले कर्मचारियों की प्रशंसा और प्रोत्साहन से उनकी कार्यक्षमता में वृद्धि होती है तथा अन्य कर्मचारियों को भी प्रेरणा मिलती है। इससे संस्थान की समग्र प्रगति और विकास सुनिश्चित होता है।”
इस अवसर पर बैंक के वरिष्ठ अधिकारी, शाखा प्रबंधक एवं प्राथमिक संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!