मंदसौर। सुवासरा क्षेत्र में आतंक का पर्याय बने कुख्यात भूमाफिया और 10,000 रुपये के ईनामी फरार आरोपी अमजद खान पठान पिता नूर मोहम्मद खान पठान, निवासी सुवासरा को मंदसौर पुलिस ने 15 दिन बाद राजस्थान के अजमेर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी 14 नवंबर 2025 को हुई मनीष व्यास की आत्महत्या मामले सहित कई धोखाधड़ी और मारपीट के मामलों में वांछित था।
घटना का विवरण
14 नवंबर 2025 को सुवासरा निवासी मनीष पुत्र बंशीलाल व्यास ने कथित तौर पर अमजद खान पठान और उसके परिवार के सदस्यों द्वारा रुपयों के लेन-देन में मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में थाना सुवासरा में मर्ग जांच के बाद अपराध क्रमांक 353/2025 धारा 108, 3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

इस घटना के बाद क्षेत्र के अन्य पीड़ित भी सामने आए। इनमें शामिल हैं-
– रमेश पुत्र हीरालाल अहिरवार (बसई) ने शिकायत की कि अमजद ने मौके पर एक प्लॉट दिखाकर दूसरी जगह की रजिस्ट्री कर धोखाधड़ी की। अपराध क्र. 362/2025 धारा 318(4), 119(1), 296(b), 115(2), 351(3) बीएनएस तथा एससी-एसटी एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज।
– सुरपाल सिंह पुत्र उदय सिंह (धेंचाली) ने 28 नवंबर 2025 को शिकायत दर्ज कराई कि अमजद ने दूसरे व्यक्ति की दुकान को अपनी बताकर 12.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी की और रजिस्ट्री वापस कराने पर मारपीट, गाली-गलौज व 2 लाख रुपये की अवैध वसूली की धमकी दी। अपराध क्र. 364/2025 धारा 318(4), 119(1), 296(b), 115(2), 351(3) बीएनएस में मुकदमा दर्ज।
पुलिस की कार्रवाई
आरोपी के लगातार फरार रहने पर पुलिस अधीक्षक मंदसौर श्री विनोद कुमार मीना (भा.पु.से.) ने 10,000 रुपये का नकद ईनाम घोषित किया था। SP के निर्देश पर पांच अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गईं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ हेमलता कुरील एवं अ.पु. सीतामऊ दिनेश प्रजापति के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सुवासरा निरीक्षक अनिल रघुवंशी के नेतृत्व में टीम ने मध्यप्रदेश, राजस्थान और गुजरात में आरोपी के ठिकानों पर लगातार 5 दिनों तक रेकी की। अंततः 28 नवंबर 2025 की रात को आरोपी को अजमेर (राजस्थान) से गिरफ्तार कर लिया गया। उसे शीघ्र ही माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
सराहनीय कार्य करने वाली टीम
इस सफलता में थाना प्रभारी सुवासरा निरीक्षक अनिल रघुवंशी, थाना प्रभारी सीतामऊ निरीक्षक कमलेश प्रजापती, थाना प्रभारी वायडी नगर निरीक्षक शिवांशु मालवीय, उनि. विनय बुंदेला, उनि. रितेश नागर (साइबर सेल प्रभारी), उनि. कपिल सोराष्ट्रीय, प्रआर. आशीष बैरागी (साइबर सेल), दशरथ मालवीय, प्रआर. सुमित यादव, प्रआर. सुरेन्द्र चौधरी, आर. मनीष बघेल (साइबर सेल), आर. अनिल यादव, आर. मनीष धाकड़, आर. नवाज शरीफ, आर. राहुल राठौर, आर. मनीष पाटीदार, चालक आर. अरविन्द सुरावत, सैनिक नरेन्द्र एवं सउनि चालक अशोक उइके आदि का विशेष योगदान रहा।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









