मंदसौर। मल्हारगढ़ नगर परिषद में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ स्थानीय युवक गोपाल मालेचा ने मंदसौर के गांधी चौराहे से कलेक्टर कार्यालय तक कीचड़ से सनी सड़क पर लोटन यात्रा कर विरोध जताया। मंगलवार को जनसुनवाई में शिकायत दर्ज कराते हुए मालेचा ने आरोप लगाया कि नगर परिषद में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हो रहा है, लेकिन शिकायतों के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। दूसरी ओर, नगर परिषद के सीएमओ राजेश गुप्ता ने इन आरोपों को बेबुनियाद और निराधार करार दिया।
मालेचा ने बताया कि उन्होंने दो माह पूर्व मल्हारगढ़ के अनुविभागीय अधिकारी को शिकायत सौंपी थी, लेकिन न तो जांच हुई और न ही कोई कार्रवाई। उन्होंने वार्ड नंबर 10 में 10 लाख रुपये की लागत से बने नाले का उदाहरण दिया, जो तीन माह में ही ढह गया। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए नगर परिषद अध्यक्ष और सीएमओ की तत्काल जांच और निलंबन की मांग की।

नगर परिषद प्रशासन ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सभी निर्माण कार्य स्वीकृत मापदंडों के अनुसार हो रहे हैं। सीएमओ राजेश गुप्ता ने बताया कि पत्रकार की पूर्व शिकायत पर अपर कलेक्टर मंदसौर ने जांच दल गठित किया है और जांच जारी है। उन्होंने आरोपों को नगर परिषद की छवि धूमिल करने की साजिश बताया।
इस मामले में अब सभी की निगाहें जिला प्रशासन की जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जो यह तय करेगी कि आरोपों में कितनी सच्चाई है।
सीएमओ का बयान
“नगर परिषद के सभी कार्य नियमानुसार और गुणवत्तापूर्वक हो रहे हैं। शिकायत पर अपर कलेक्टर द्वारा जांच दल गठित किया गया है। ये आरोप निराधार हैं और संस्थान की छवि खराब करने का प्रयास है।” – राजेश गुप्ता, सीएमओ, नगर परिषद मल्हारगढ़
सीएमओ राजेश गुप्ता को किसका संरक्षण
लम्बे समय से नगरपरिषद मल्हारगढ़ में नौकरी कर रहे सीएमओ राजेश गुप्ता को आखिर किसका संरक्षण प्राप्त है, जो इतने आरोप लगने के बाद भी इस पर कार्रवाई नहीं हो पा रही है। राजेश गुप्ता मल्हारगढ़ के ही निवासी है। पहले इसी नगरपालिका में लेखापाल थे और पिछले कई सालों से ये मल्हारगढ़ विधानसभा की मल्हारगढ़ और नारायणगढ़ नगर परिषद में ही नौकरी कर रहे है। इन पर पूर्व में भी कई भ्रष्टाचार के आरोप लग चुके है लेकिन उसके बावजूद इन पर कोई उचित कार्रवाई अब तक नहीं हो पाई है। कल गोपाल मालेचा की लोटन यात्रा के बाद सीएमओ राजेश गुप्ता ने जो व्यक्तव्य जारी किया उसका खंडन आज फिर गोपाल मालेचा ने करते हुए फेसबुक लाइव के माध्यम से नाला निर्माण में हुए भ्रष्टाचार को सबके सामने रखा। गोपाल मालेचा का कहना है कि दीपक कुमावत नामक ठेकदार ने नाला निर्माण किया था जो एक साल में ही नाला क्षतिग्रस्त हो गया। मालेचा ने बताया कि नाला निर्माण में ठेकेदार ने सलिए का उपयोग भी नहीं किया। बिना सलिए के नाला निर्माण कर दिया गया है।

इस मामले में जनता का पक्ष
काशी कॉलोनी वार्ड नंबर 6 निवासी राधेश्याम मालवीय ने बताया कि नाला निर्माण में भ्रष्टाचार हुआ है इसमें एक भी सलिया नहीं है। नाला धंस गया है। नाले का निर्माण एक साल पहले ही हुआ था।
मल्हारगढ़ निवासी देवीलाल सांखला ने बताया कि काशी कॉलोनी में मेरा प्लॉट है। कुएं के रस्ते पर पानी जाता था तो नाला बनाया गया था किन्तु ये एक साल में ढह गया। घटिया निर्माण हुआ है पहली बारिश में ही जमीन के रिसाव से ही नाला गिर गया है।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









