लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई: 25,000 रुपये रिश्वत लेते विद्युत वितरण कंपनी के कार्यपालन यंत्री ट्रेप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

उज्जैन। लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के कार्यपालन यंत्री आनंद कुमार अहिरवार को 25,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 26 मार्च 2025 को सोनकच्छ स्थित बिजली विभाग कार्यालय में आयोजित ट्रैप के दौरान की गई। मामले की शुरुआत 22 मार्च 2025 को हुई, जब सोनकच्छ निवासी पुष्पराज राजपूत ने लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल विश्वकर्मा को शिकायत दर्ज की। पुष्पराज, जो बिजली विभाग सोनकच्छ में आउटसोर्स कर्मचारी हैं, ने बताया कि उनकी बोलेरो गाड़ी विभाग में किराए पर अटैच है। हर 11 माह में होने वाले टेंडर के तहत उन्होंने अपनी गाड़ी को पुनः अटैच करने के लिए आवेदन दिया था। इसके लिए कार्यपालन यंत्री आनंद कुमार अहिरवार ने उनसे 70,000 रुपये की रिश्वत मांगी। प्रारंभिक बातचीत में अहिरवार ने 25,000 रुपये तत्काल और बाकी राशि बाद में लेने की बात कही। शिकायत के आधार पर लोकायुक्त टीम ने प्रारंभिक जांच की और ट्रैप की योजना बनाई। आज, 26 मार्च 2025 को डीएसपी दिनेश पटेल के नेतृत्व में टीम ने सोनकच्छ कार्यालय में जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी आनंद कुमार अहिरवार ने पुष्पराज से 25,000 रुपये की रिश्वत ली, लोकायुक्त टीम ने उसे धर दबोचा।इस सफल कार्रवाई में डीएसपी दिनेश पटेल, निरीक्षक राजेंद्र वर्मा, आरक्षक इसरार, हितेश लालावत, कुनाल पुरोहित, संदीप कदम और श्याम शर्मा की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। यह कार्रवाई सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार पर नकेल कसने की दिशा में एक मजबूत कदम मानी जा रही है।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!