मंदसौर। कथा वाचक पं. प्रदीप मिश्रा द्वारा भगवान श्री चित्रगुप्त जी पर की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में कायस्थ समाज मंदसौर ने बुधवार को मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में मिश्रा पर कठोर कार्रवाई और उनकी कथाओं पर पूरे देश में रोक लगाने की मांग की गई है।
ज्ञापन में बताया गया कि 14 जून 2025 को महाराष्ट्र में अपनी कथा के दौरान पं. मिश्रा ने कायस्थ समाज के आराध्य देव भगवान श्री चित्रगुप्त जी के प्रति अशोभनीय टिप्पणी की। इससे पहले भी उन्होंने श्री राधा रानी के खिलाफ आपत्तिजनक बयान दिए थे। कायस्थ समाज के साथ-साथ सनातन समाज में इस तरह की टिप्पणियों से व्यापक रोष है। समाज ने मांग की कि मिश्रा के खिलाफ तत्काल कार्रवाई हो और उनकी कथाओं का बहिष्कार किया जाए।

कायस्थ समाज के अध्यक्ष शैलेंद्र माथुर ने कहा, “पं. मिश्रा की वाणी पर नियंत्रण नहीं है। वे सुर्खियों में रहने के लिए अक्सर अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते हैं। कायस्थ समाज उनका बहिष्कार करता है।” समाज ने शासन से देवी-देवताओं का अपमान करने वाले मिश्रा के खिलाफ सख्त कदम उठाने की अपील की।
इस अवसर पर मंत्र लेखन के राष्ट्रीय संयोजक नरेंद्र श्रीवास्तव, सचिव लालबहादुर श्रीवास्तव, विक्रम भटनागर, आशीष गौड़, कृष्णकांत श्रीवास्तव, महेंद्रसिंह भटनागर, चंद्रशेखर निगम, कुलदीप सक्सेना, राजनारायण भटनागर, दीपेश श्रीवास्तव, एस.एन. श्रीवास्तव, राजेश गौड़, के.एन. सक्सेना, महिला मंडल अध्यक्ष रमादेवी माथुर, राघवेेंद्र श्रीवास्तव, अरुण गौड़, नीता श्रीवास्तव, चंद्रशेखर गौड़ सहित बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद थे।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









