दलित नेता के बयान पर हिंदू समाज का आक्रोश, तीन घंटे चक्काजाम; पुलिस ने दिया 24 घंटे में कार्रवाई का आश्वासन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गरोठ। आजाद समाज पार्टी के नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष शंभूलाल उर्फ प्रिंस सूर्यवंशी के कथित विवादास्पद बयान के विरोध में बुधवार को सर्व हिंदू समाज, विशेषकर सौंधिया राजपूत समाज ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने माफी की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा और अस्पताल चौराहे तथा महाराणा प्रताप बगीचे के सामने करीब तीन घंटे तक चक्काजाम किया। पुलिस ने 24 घंटे में कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद जाम खुलवाया।

आपको बता दें सोमवार को प्रिंस सूर्यवंशी ने गरोठ, शामगढ़ और सुवासरा में शक्ति प्रदर्शन रैली निकाली थी। इस दौरान संबोधन में दिए गए उनके कथित बयानों को हिंदू समाज ने अपमानजनक बताया। बुधवार दोपहर करीब 2 बजे सौंधिया राजपूत समाज के लोग सरदार पटेल चौराहे पर एकत्र हुए और तत्काल चक्काजाम शुरू कर दिया। इससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

पुलिस ने सुवासरा, शामगढ़, भानपुरा और गांधी सागर से अतिरिक्त बल मौके पर तैनात किया। एसडीओपी विजय कुमार यादव ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर 24 घंटे में दलित नेता पर कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम खोला गया।

विरोध करने वालों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे में कार्रवाई नहीं हुई, तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा और इसकी जिम्मेदारी पुलिस-प्रशासन की होगी।

शिवसेना ने भी सौंपा था ज्ञापन
मंगलवार को शिवसेना ने भी इसी मुद्दे पर ज्ञापन सौंपा था। जिला युवा अध्यक्ष श्यामसिंह परमार ने कहा, “किसी भी पार्टी के पदाधिकारी को ऐसी अशोभनीय भाषा का प्रयोग नहीं करना चाहिए।” शिवसेना ने 15 नवंबर तक कार्रवाई की मांग की और चेतावनी दी कि समयसीमा में कार्रवाई न हुई तो बड़ा आंदोलन होगा।

दलित नेता का पक्ष
आजाद समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष प्रिंस सूर्यवंशी ने अपना बचाव करते हुए कहा,मैंने किसी समाज के खिलाफ कुछ नहीं कहा।

प्रशासनिक कार्रवाई
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। ज्ञापन के आधार पर कानूनी कार्रवाई पर विचार किया जा रहा है।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!