पोरवाल समाज के युवक पर जानलेवा हमला, 10 दिन बाद भी FIR नहीं होने से समाज ने सौंपा एसपी को ज्ञापन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मंदसौर। शहर में कानून-व्यवस्था पर सवाल उठते हुए पोरवाल समाज में आक्रोश व्याप्त है। बीते 14 दिसंबर की रात को पोरवाल समाज के युवक परमेश्वर काला पर अज्ञात बदमाशों ने प्राणघातक हमला किया था, जिसमें उनकी बाईं आंख पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना को 10 दिन बीत जाने के बावजूद YD नगर थाने की पुलिस ने न तो FIR दर्ज की है और न ही किसी आरोपी की गिरफ्तारी की है।

परमेश्वर काला पान-मसाला कंपनी में सेल्समैन का काम करते हैं। 14 दिसंबर की रात करीब 11 बजे काम से लौटते समय नाहर सैयद तालाब की पाल के पास अज्ञात हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। हमले में सिर, चेहरे और आंखों पर गंभीर चोटें आईं, जिससे बाईं आंख की रोशनी हमेशा के लिए चली गई।

घायल युवक लगातार थाने के चक्कर काट रहा है, लेकिन पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। देर रात काम से लौटने की वजह से पीड़ित के मन में भय बना हुआ है। पुलिस की इस निष्क्रियता से पोरवाल समाज में भारी रोष है।

इसी मुद्दे को लेकर बुधवार को पोरवाल समाज एवं अखिल भारतीय पोरवाल युवा संगठन ने पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन एसडीओपी कीर्ति बघेल को दिया गया, जिसमें आरोपियों के खिलाफ तत्काल FIR दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है। समाज ने चेतावनी दी है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए पुलिस सख्त कदम उठाए।
समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। पुलिस ने ज्ञापन के बाद जांच तेज करने का आश्वासन दिया है।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!