संजीत ब्लॉक कांग्रेस के कार्यकर्ता सम्मेलन में कहा कि वीडियो में अपराधी साफ दिखाई देने के बावजूद प्रशासन ने भाजपा के दबाव में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया, जो सरासर गलत है
मंदसौर। पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह गुरुवार को मंदसौर जिले के दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने खेड़ा खुंटी में संजीत ब्लॉक कांग्रेस के कार्यकर्ता सम्मेलन में हिस्सा लिया और कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह, मंदसौर विधायक व जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन जैन सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। खास बात यह रही कि सभी नेता मंच पर न बैठकर कार्यकर्ताओं के बीच बैठे।

भाजपा पर हमला, आंदोलन की चेतावनी
सम्मेलन को संबोधित करते हुए दिग्विजय सिंह ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता और मंत्री देश व सेना के खिलाफ आपत्तिजनक बयान देते हैं और बाद में मीडिया पर बयान तोड़-मरोड़ कर पेश करने का आरोप लगाते हैं। सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा जानबूझकर माहौल खराब करने का प्रयास करती है। उन्होंने ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ईश्वर धाकड़ व अन्य कार्यकर्ताओं पर हुए हमले का जिक्र करते हुए कहा कि वीडियो में अपराधी साफ दिखाई देने के बावजूद प्रशासन ने भाजपा के दबाव में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया, जो सरासर गलत है।
सिंह ने चेतावनी दी कि यदि एक माह के भीतर आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हुई और कार्यकर्ताओं पर दर्ज फर्जी मामले वापस नहीं लिए गए, तो कांग्रेस पार्टी जन आंदोलन शुरू करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निडर होकर लड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि कांग्रेस उनके साथ खड़ी है।
प्रियव्रत सिंह और विपिन जैन का संबोधन
पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह ने कहा कि कांग्रेस हर कार्यकर्ता के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने राहुल गांधी के नारे “डरो मत” का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं को “बब्बर शेर” बताया और कहा कि संगठन उनके साथ है। उन्होंने भी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन जैन ने कहा कि कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान के लिए पार्टी हमेशा लड़ती रहेगी और कोई भी कार्यकर्ता अपने को अकेला न समझे।
उपस्थित कांग्रेस नेतागण
सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस पदाधिकारी परशुराम सिसोदिया, सोमिल नाहटा, राजेश रघुवंशी, जगदीश धनगर, मुकेश पोरवाल, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनजीत सिंह टुटेजा, सुवासरा प्रत्याशी राकेश पाटीदार, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अनिल शर्मा, सुरेश पाटीदार, विकास दशोरा, कृपाल सिंह सोलंकी, गोपाल विश्वकर्मा, ओम प्रकाश राठौर, ईश्वर लाल धाकड़ सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष अजहर हयात मेव ने किया और आभार विजेश मालेचा ने व्यक्त किया।
पशुपतिनाथ मंदिर और नालछा माता के किए दर्शन
मीडिया प्रभारी राजनारायण लाड़ ने बताया कि दिग्विजय सिंह ने सुबह शिवना शुद्धिकरण अभियान में हिस्सा लिया। इसके बाद वे पशुपतिनाथ महादेव मंदिर और नालछा माता मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने दर्शन कर सभी के सुख-समृद्धि की कामना की।
जिले में हुआ भव्य स्वागत
दिग्विजय सिंह के मंदसौर आगमन पर मंदसौर, काचरिया चौपाटी, खेड़ा खुंटी, बिल्लोद सहित कई स्थानों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुष्पमाला पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया।
शोक संवेदना व्यक्त की
दिग्विजय सिंह ने दोरवाड़ा में मनोहर सिंह के घर शोक संवेदना व्यक्त की, जिनकी हाल ही में कुएं में गिरे लोगों को बचाने के प्रयास में मृत्यु हो गई थी। इसके अलावा, वे नाहरगढ़ में बबलू मंसूरी के निवास पर भी गए, जिन्होंने पिछले साल शिवना नदी में डूबते लोगों को बचाने के दौरान अपनी जान गंवाई थी। सिंह ने दोनों की बहादुरी की सराहना की।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









