मंदसौर में सिंहस्थ 2028 के लिए 74 करोड़ से अधिक के विकास कार्य स्वीकृत, शिवना नदी का सौंदर्यकरण और सड़क निर्माण को मिलेगी गति

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मंदसौर। मंदसौर की जीवनदायिनी शिवना नदी के सौंदर्यकरण और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सिंहस्थ 2028 के तहत 74 करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है। यह उपलब्धि क्षेत्रीय विधायक विपिन जैन के अथक प्रयासों का परिणाम है, जिन्होंने क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांगों को पूरा करने के लिए ठोस कदम उठाए हैं।

शिवना नदी के सौंदर्यकरण के लिए 12.32 करोड़ स्वीकृत
मीडिया प्रभारी राजनारायण लाड़ ने बताया कि विधायक विपिन जैन की विकासवादी सोच के परिणामस्वरूप शिवना नदी के घाट निर्माण और सौंदर्यकरण के लिए 12.32 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की गई है। इस राशि से नदी पर घाट निर्माण, सौंदर्यकरण, रिटर्निंग वॉल का निर्माण और आकर्षक लाइटिंग का कार्य किया जाएगा। विधायक जैन ने पिछले तीन महीनों से शिवना नदी के शुद्धिकरण के लिए अभियान चलाया है, जिसमें स्थानीय नागरिकों और भक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विधायक ने चुनाव से पूर्व शिवना नदी के सौंदर्यकरण का संकल्प लिया था, जो अब मूर्त रूप ले रहा है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव से मुलाकात कर राशि स्वीकृति का आग्रह किया था।

सड़क परियोजनाओं को मंजूरी, यातायात होगा सुगम
सिंहस्थ 2028 के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और मंदसौर में यातायात को सुगम बनाने के लिए निम्नलिखित सड़क परियोजनाओं को भी स्वीकृति प्रदान की गई है:
1.अंबेडकर चौराहे से पशुपतिनाथ मंदिर तक सड़क चौड़ीकरण: 7 करोड़ रुपये की लागत से अंबेडकर चौराहे से काश्तकार होटल होते हुए भगवान पशुपतिनाथ मंदिर तक सड़क का चौड़ीकरण और सौंदर्यकरण होगा। यह मार्ग वर्तमान में संकीर्ण होने के कारण यातायात में बाधा उत्पन्न करता है। इस परियोजना से ट्रैफिक की समस्या का समाधान होगा और श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने में आसानी होगी।
2.पशुपतिनाथ मंदिर से नालछा माता मंदिर तक फोरलेन सड़क: 32 करोड़ रुपये की लागत से भगवान पशुपतिनाथ मंदिर, खिलचीपुरा, श्रवण नाला होते हुए नालछा माता मंदिर हाईवे तक फोरलेन सड़क का निर्माण होगा। यह परियोजना सिंहस्थ के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के लिए आवागमन को सुगम बनाएगी।
3.काश्तकार होटल के सामने पुलिया निर्माण: 23 करोड़ रुपये की लागत से काश्तकार होटल के सामने पुलिया का निर्माण होगा, जिससे पूरे जिले से आने वाले लोगों के लिए आवागमन आसान होगा।

इन विकास कार्यों की स्वीकृति पर विधायक विपिन जैन ने मुख्यमंत्री मोहन यादव और उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “यह मंदसौर के लिए गौरव का क्षण है। शिवना नदी के सौंदर्यीकरण और क्षेत्र के विकास के लिए स्वीकृत ये परियोजनाएं मंदसौर को नई पहचान देंगी। हम जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए कटिबद्ध हैं।”

मंदसौर की सांस्कृतिक विरासत को नया आयाम
इन परियोजनाओं से न केवल मंदसौर का सौंदर्य बढ़ेगा, बल्कि सिंहस्थ 2028 के दौरान आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं भी प्राप्त होंगी। शिवना नदी के शुद्धिकरण और सौंदर्यीकरण से मंदसौर की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को नया आयाम मिलेगा।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!