दशपुर दिशा । योगेश पोरवाल
मंदसौर। भाजपा नेता मनोहर लाल धाकड़ का नाम एक बार फिर सुर्खियों में है, लेकिन इस बार वजह और भी चौंकाने वाली है। हाल ही में 8 लेन एक्सप्रेसवे पर अश्लील हरकत के मामले में गिरफ्तार होकर जेल से रिहा हुए धाकड़ पर एक और संगीन आरोप है—21 लाख रुपये के चेक बाउंस केस में वे बीते तीन साल से फरार हैं।
मंदसौर जिले की दलौदा मंडी के थोक व्यापारी धर्मेंद्र गोस्वामी से धोखाधड़ी का यह मामला जुड़ा है। गोस्वामी ने दशपुर दिशा से चर्चा में बताया कि भाजपा नेता मनोहर धाकड़ ने उन्हें 21 लाख रुपये का स्मृति नागरिक मर्यादित बैंक का चेक दिया था, लेकिन जब चेक बैंक में लगाया गया तो वह बाउंस हो गया। पीड़ित व्यापारी ने मामले को कोर्ट में ले जाते हुए न्याय की गुहार लगाई। धर्मेंद्र ने बताया कि अभी तो बैंक खाता भी बंद करवा लिया है।

कोर्ट ने 2022 में ही धाकड़ के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया था और भावगढ़ थाने को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। मगर हैरानी की बात यह है कि दो साल बीत जाने के बावजूद पुलिस अब तक ‘नेता जी’ का सुराग तक नहीं लगा पाई।
जबकि इस दौरान धाकड़ कई राजनीतिक मंचों पर दिखाई दिए, सामाजिक आयोजनों में हिस्सा लेते रहे और तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल होती रहीं। फिर भी पुलिस की आंखों से वह “गायब” ही बने रहे।
व्यापारी का आरोप – पुलिस जानबूझकर कर रही है नजरअंदाज
पीड़ित व्यापारी धर्मेंद्र गोस्वामी का कहना है, “जब भी थाने जाता हूं, पुलिस एक ही रटा-रटाया जवाब देती है—मनोहर नहीं मिल रहा, तलाश जारी है।” व्यापारी का यह भी आरोप है कि राजनीतिक रसूख के चलते पुलिस जानबूझकर मामले को ढीला कर रही है।
अब एसपी ने लिया संज्ञान, जांच के दिए निर्देश
इस पूरे मामले पर जब मीडिया ने सवाल उठाए, तो प्रादेशिक अख़बार को दिए व्यक्तव्य में मंदसौर एसपी अभिषेक आनंद ने बयान देते हुए कहा, “पता लगाया जाएगा कि किस कोर्ट से और कब से वारंट जारी हुआ है और अब तक उसकी तामील क्यों नहीं हुई। संबंधित थाने से स्पष्टीकरण लिया जाएगा।”
अब सवाल ये है—क्या कानून वाकई सभी के लिए बराबर है, या रसूखदारों के लिए अलग नियम चलते हैं?
धाकड़ की गिरफ्तारी अब कानून की साख का सवाल बन चुकी है। देखना ये होगा कि अगली सुनवाई 24 जून से पहले पुलिस ‘गायब’ नेता को पकड़ पाती है या यह मामला भी कागजों में धूल फांकता रह जाएगा।
Author: Yogesh Porwal
वर्ष 2012 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय है। राष्ट्रीय समाचार पत्र हमवतन, भोपाल मेट्रो न्यूज, पद्मिनी टाइम्स में जिला संवाददाता, ब्यूरो चीफ व वर्ष 2015 से मन्दसौर से प्रकाशित दशपुर दिशा समाचार पत्र के बतौर सम्पादक कार्यरत, एवं मध्यप्रदेश शासन द्वारा जिला स्तरीय अधिमान्य पत्रकार है। पोरवाल, खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित है तथा खोजी पत्रकारिता सम्मान से सम्मानित भी किए जा चुके है। योगेश पोरवाल ने इग्नू विश्वविद्यालय दिल्ली एवं स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म एंड मास कम्यूनिकेशन, न्यू मीडिया में पीजी डिप्लोमा और मास्टर डिग्री प्राप्त की, इसके अलावा विक्रम विश्वविद्यालय से एलएलबी, एलएलएम और वर्धमान महावीर ओपन विश्वविद्यालय से सायबर कानून में अध्ययन किया है।









