भीमाखेड़ी हनुमान मंदिर में गुरुवार को उमड़ेगा श्रद्धालुओं का सैलाब, महायज्ञ की पूर्णाहुति और भंडारे का आयोजन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जावरा (दीपक सोनी)। भीमाखेड़ी स्थित प्राचीन श्री महावीर हनुमान मंदिर में श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का केंद्र बना हुआ है। यहाँ प्रतिदिन हनुमानजी की मनमोहक प्रतिमा के दर्शन के लिए भक्तों का तांता लगा रहता है। हर वर्ष की भांति इस बार भी 29 मई, गुरुवार को पांच दिवसीय श्री राम मारूति महायज्ञ के समापन पर हजारों श्रद्धालु यहाँ उमड़ेंगे। इस अवसर पर महाआरती, पूर्णाहुति और भव्य भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें जावरा और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में भक्त प्रसादी ग्रहण करेंगे।

महायज्ञ और महाआरती का आयोजन
25 मई से शुरू हुए एक कुंडीय श्री राम मारूति महायज्ञ की पूर्णाहुति 29 मई को होगी। यज्ञाचार्य पंडित महेश त्रिवेदी और उपाचार्य पंडित रविंद्र शर्मा द्वारा विधि-विधान से मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ संपन्न कराया जाएगा। इसके बाद शाम 4:30 बजे बजरंगबली की महाआरती होगी, जिसके पश्चात भंडारे का आयोजन होगा। भंडारे में विभिन्न व्यंजनों को प्रसादी के रूप में कतारबद्ध बैठाकर श्रद्धालुओं को परोसा जाएगा।

गंगाजल कलश यात्रा का भव्य आयोजन
29 मई को प्रातः 8 बजे थाना औद्योगिक क्षेत्र स्थित श्री मनकामनेश्वर महादेव मंदिर से गंगाजल कलश यात्रा शुरू होगी। यह यात्रा रेलवे ब्रिज, भीमाखेड़ी फाटक रोड होते हुए गांव पहुंचेगी और पूरे गांव का भ्रमण कर हनुमान मंदिर पर समाप्त होगी। यात्रा में 101 महिलाएं और युवतियां सिर पर कलश धारण कर चलेंगी, जबकि पांच घोड़ों पर सवार भक्त धर्म ध्वजा थामे आगे बढ़ेंगे। ढोल, डीजे और बैंड की धुन पर असंख्य महिला-पुरुष और बच्चे इस यात्रा में शामिल होकर धर्म जागरण का परिचय देंगे। जगह-जगह नागरिक पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत करेंगे।

मंदिर की महिमा और धार्मिक आयोजन
श्री महावीर हनुमान मंदिर यज्ञ समिति और श्री महावीर हनुमान भक्त मंडल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महायज्ञ में कई भक्तों ने बोली लगाकर यज्ञ में बैठने का पुण्य लाभ लिया। मंदिर के परम भक्त अशोक जैन आंटिया ने बताया कि यहाँ विराजित हनुमानजी की प्रतिमा चमत्कारिक और संकटमोचक है। पिछले 15 वर्षों से मंदिर में हवन, यज्ञ और अन्य धार्मिक अनुष्ठान निरंतर आयोजित हो रहे हैं। विगत 6 वर्षों से यज्ञ की पूर्णाहुति के बाद भंडारे का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!