श्री साईंनाथ नर्सिंग कॉलेज में ठगी और धोखाधड़ी के आरोप में रात तक चला छात्रों का धरना, संचालक अशोक नागर ने मानी गलती

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दशपुर दिशा । योगेश पोरवाल
मंदसौर। मंदसौर जिले के भैसोदा स्थित श्री साईंनाथ नर्सिंग कॉलेज में धोखाधड़ी और ठगी के गंभीर आरोपों को लेकर मंगलवार को नर्सिंग छात्रों ने करणी सेना के नेता लक्ष्मण सिंह लुनाहेड़ा के नेतृत्व में कॉलेज परिसर में दिनभर धरना-प्रदर्शन किया। छात्रों का आरोप था कि कॉलेज संचालक अशोक नागर ने फीस के नाम पर लाखों रुपये वसूले, लेकिन न तो मान्यता प्राप्त डिग्री दी और न ही उचित शिक्षा व्यवस्था मुहैया कराई।

दिनभर गुमराह करता रहा संचालक, रात में सामने आया
प्रदर्शन के दौरान अशोक नागर ने फोन पर बार-बार दावा किया कि वे भोपाल में हैं। यह गुमराह करने की कोशिश दिनभर जारी रही। रात करीब साढ़े दस बजे तक जब छात्र और करणी सेना के पदाधिकारी डटे रहे, तब भैसोदा चौकी पुलिस के दबाव में अशोक नागर कॉलेज परिसर में सामने आए।

संचालक ने स्वीकारा- “तीन साल से बिगड़ा छात्रों का भविष्य”
सभी के सामने अशोक नागर ने माना कि पिछले तीन साल से छात्रों का भविष्य खराब हुआ है। उन्होंने यह भी कबूल किया कि छात्रों को धमकाने के लिए बाउंसर रखे गए थे। साथ ही, उन्होंने भविष्य में ऐसा न करने का वादा किया।


15 दिन का समय, 1 करोड़ से ज्यादा राशि वापस लौटानी
छात्रों ने संचालक से तत्काल फीस वापसी की मांग की। अशोक नागर ने एक महीने का समय मांगा, लेकिन चर्चा के बाद सभी की सहमति से 15 दिन का समय दिया गया। तय हुआ कि 25 जून तक कॉलेज को तीन साल की फीस, ब्याज समेत, जो कि कुल 1 करोड़ रुपये से अधिक है, छात्रों को लौटानी होगी। यदि ऐसा नहीं हुआ तो आगे की कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

पुलिस और करणी सेना की भूमिका
भैसोदा चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और संचालक को छात्रों के सामने लाने में अहम भूमिका निभाई। करणी सेना के लक्ष्मण सिंह लुनाहेड़ा ने छात्रों के हित में आंदोलन को मजबूती दी।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!