इंदौर। शिलांग में राजा रघुवंशी की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी सहित अन्य आरोपी राज कुशवाह, आकाश राजपूत, आनंद कुर्मी और विशाल चौहान ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। हालांकि, अब सभी आरोपी एक-दूसरे पर दोष मढ़ रहे हैं। खास तौर पर सोनम और राज कुशवाह इस हत्याकांड के मास्टरमाइंड के रूप में एक-दूसरे को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। इस बीच, सोनम और राज के बीच की एक चौंकाने वाली चैट सामने आई है, जो हत्या की साजिश को उजागर करती है।
सुहागरात पर 3 बजे सोनम का मैसेज: “इसे मार डालो”
जानकारी के मुताबिक, राजा और सोनम की शादी 11 मई 2025 को हुई थी। 13 मई को उनकी सुहागरात थी, जिसके लिए राजा के बेडरूम को बैलून, रिबन और “आई लव यू” लिखकर सजाया गया था। लेकिन सोनम ने चालाकी दिखाते हुए सुहागरात से इनकार कर दिया और कहा कि उन्होंने कामाख्या देवी की मानता रखी है, जिसके लिए उन्हें पहले दर्शन करने हैं।उसी रात करीब 3 बजे सोनम ने राज कुशवाह को मैसेज किया: “मैं इस टॉर्चर से थक चुकी हूं… या तो मैं मर जाऊंगी या तुम इसे मार दो। मैं राजा के साथ संबंध नहीं बना सकती। मुझे गिल्ट फील हो रही है। इसे मार डालो।” इस पर राज ने जवाब दिया: “करता हूं।”

हत्याकांड की साजिश और प्लानिंग
इस चैट के बाद राज ने विशाल चौहान को संगमनगर के एक खाली मैदान पर बुलाया, जहां पुलिस ने भी जांच की थी। यहां हत्या की साजिश को अंजाम देने की योजना बनाई गई। इसके बाद आकाश राजपूत और आनंद कुर्मी को भी इस साजिश में शामिल किया गया। सोनम ने हत्यारों के लिए 50 हजार रुपये की व्यवस्था की और गुवाहाटी के टिकट भी बुक कराए।
पुलिस जांच और आरोपियों का ब्लेम गेम
पुलिस जांच में इस साजिश के पुख्ता सबूत मिले हैं। सभी आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है, लेकिन अब वे एक-दूसरे पर मुख्य साजिशकर्ता होने का आरोप लगा रहे हैं। सोनम और राज के बीच का यह ब्लेम गेम जांच को और जटिल बना रहा है। पुलिस इस मामले में चैट और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









