हॉर्न बजाया तो जान ले ली… उज्जैन में 27 वर्षीय युवक की चाकुओं से निर्मम हत्या

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

उज्जैन। हॉर्न बजाने जैसी मामूली बात ने देर रात खूनी रूप ले लिया। माधव नगर थाना क्षेत्र के दमदमा इलाके में 27 वर्षीय ट्रैक्टर शोरूम संचालक यश मित्तल पर बदमाशों ने चाकुओं से हमला कर हत्या कर दी। वारदात में यश के दो दोस्त भी घायल हुए हैं। पुलिस ने 4 से 5 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

ऋषि नगर निवासी यश मित्तल गुरुवार देर रात अपने दोस्तों के साथ बाइक पर एक साथी को छोड़ने निकला था। रात करीब ढाई बजे जब वे दमदमा मोड़ के पास पहुंचे तो सड़क पर कुछ युवक खड़े थे। रास्ता खाली कराने के लिए यश और उसके साथियों ने हॉर्न बजाया। इसी बात पर कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।

आपत्ति है कि करीब 7-8 युवकों ने यश और उसके दोस्तों पर अचानक हमला बोल दिया। हमलावरों ने चाकुओं से वार किए। अफरा-तफरी में यश और उसके दोस्त अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे। हमलावरों ने यश का पीछा किया और दोबारा चाकू से हमला किया। गंभीर रूप से घायल यश करीब 100 से 150 मीटर तक दौड़ा और जिला पंचायत कार्यालय के पास सड़क पर गिर पड़ा।

सूचना मिलने पर माधव नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और परिजन काफी देर तक यश की तलाश करते रहे। करीब दो घंटे बाद शुक्रवार तड़के जिला पंचायत कार्यालय के आगे यश का खून से सना शव मिला।
चाकूबाजी में यश के दोस्त अभय व्यास और मंगल भी घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया।

घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश में दबिश शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में कुछ युवकों के नाम सामने आए हैं। पुलिस ने 4 से 5 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि विवाद सिर्फ हॉर्न बजाने से शुरू हुआ था या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश अथवा अन्य वजह थी।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!