सीएम डॉ.मोहन यादव के निर्देश पर स्कूल शिक्षा विभाग में जल्द निकलेगी 10 हजार शिक्षकों की बंपर भर्ती, प्रमोशन और रिटायरमेंट से खाली होंगे पद
भोपाल। मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार प्रदेश में करीब 10 हजार शिक्षकों की भर्ती करने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्कूल शिक्षा विभाग को इसके निर्देश दे दिए हैं। विभाग के अनुसार, शिक्षकों के प्रमोशन की प्रक्रिया पूरी होते ही बंपर भर्ती निकाली जाएगी।

स्कूल शिक्षा विभाग ने बताया कि प्रमोशन के साथ-साथ कई शिक्षकों के रिटायरमेंट भी होने वाले हैं, जिससे खाली पदों की संख्या और बढ़ सकती है। विभाग मार्च 2027 तक रिटायर होने वाले कर्मचारियों की सूची तैयार कर रहा है। यह सूची प्रमोशन के आंकड़ों के साथ सरकार के सामने रखी जाएगी, जिसके बाद नई भर्ती का रास्ता साफ हो जाएगा।
सीएम ने ली समीक्षा बैठक
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक ली थी। बैठक में उन्होंने अधिकारियों से खाली पदों, प्रमोशन और रिटायरमेंट के आंकड़ों की जानकारी मांगी। अधिकारियों को जल्द ये आंकड़े भेजने के निर्देश दिए गए।
लोक शिक्षण आयुक्त अभिषेक सिंह के अनुसार, “प्रदेशभर में शिक्षकों के खाली पदों की जानकारी जुटाने के निर्देश दिए गए हैं। सूची बनते ही प्रस्ताव तैयार किया जाएगा।” उन्होंने बताया कि स्कूलों के मेंटेनेंस और नए निर्माण को लेकर भी तैयारी शुरू हो गई है। एस्टीमेट तैयार करने और निर्माण एजेंसी तय करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
खंडहर स्कूलों के लिए नए भवन
मध्य प्रदेश में करीब 90 हजार सरकारी स्कूल हैं। इनमें से लगभग 700 स्कूल पूरी तरह खंडहर हो चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि ऐसे स्कूलों के स्थान पर नए भवन तैयार किए जाएंगे।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।








