श्रीराम गणेशोत्सव समिति रामटेकरी युवा मित्र मंडल की बैठक संपन्न

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अनंत चतुर्दशी पर निकलेगी नयनाभिराम झांकी, नासिक के ढोल-ताशे और चलित भजन संध्या रहेगा आकर्षण

मंदसौर। श्रीराम गणेशोत्सव समिति रामटेकरी युवा मित्र मंडल द्वारा गणेशोत्सव के 12वें वर्ष को भव्य एवं भक्तिमय रूप से मनाने की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं का स्नेह मिलन एवं महत्वपूर्ण बैठक रविवार, 6 सितंबर को रेवास देवड़ा रोड स्थित मनवार गार्डन रेस्टोरेंट में आयोजित की गई। बैठक में समिति से जुड़े करीब 150 वरिष्ठ एवं युवा कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।

कार्यक्रम की शुरुआत मंचासीन अतिथियों द्वारा भारत माता एवं भगवान श्री गणेश का पूजन-अर्चन कर दीप प्रज्वलित करने के साथ हुई। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने आगामी गणेशोत्सव एवं अनंत चतुर्दशी पर निकलने वाले भव्य विसर्जन चल समारोह को लेकर अपने-अपने सुझाव रखे। बैठक में आयोजन की रूपरेखा तैयार करने के साथ विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां कार्यकर्ताओं को सौंपी गईं।

समिति के कपिल मावर ने बताया कि श्रीराम गणेशोत्सव समिति पिछले 11 वर्षों से भगवान श्री गणेश की स्थापना से लेकर विसर्जन तक पूरे उत्साह एवं श्रद्धाभाव के साथ आयोजन में अग्रणी भूमिका निभाती आ रही है। इस वर्ष समिति का 12वां वर्ष है, जिसे पहले से अधिक भव्य एवं भक्तिमय तरीके से मनाने का संकल्प लिया गया है।

उन्होंने बताया कि 14 सितंबर को नगर में घर-घर एवं विभिन्न गणेश पंडालों में विधि-विधान के साथ भगवान गणेश की प्रतिमाएं विराजित की जाएंगी। श्रीराम गणेशोत्सव समिति रामटेकरी युवा मित्र मंडल द्वारा भी पंडाल में भगवान श्री गणेश की स्थापना की जाएगी। दस दिनों तक विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी के अवसर पर भव्य विसर्जन चल समारोह में समिति द्वारा नयनाभिराम झांकी निकाली जाएगी।

चल समारोह 25 सितंबर की शाम 7 बजे रामटेकरी, रेवास देवड़ा रोड से प्रारंभ होगा, जो नगर के प्रमुख मार्गों से भ्रमण करते हुए घंटाघर पहुंचकर संपन्न होगा। समिति द्वारा इस अवसर पर आकर्षक एवं नयनाभिराम झांकी तैयार की जा रही है।

चलित भजन संध्या और नासिक के ढोल-ताशे रहेंगे आकर्षण
अनंत चतुर्दशी के चल समारोह में झांकी के साथ चलित भजन संध्या विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसमें दो सुप्रसिद्ध भजन गायक चलते रथ/वाहन पर सवार होकर भगवान श्री गणेश के भजनों की प्रस्तुतियां देंगे। इसके अलावा अखाड़ा, नासिक के ढोल-ताशे, चलित प्रसादी और भव्य झांकी भी चल समारोह का हिस्सा रहेंगे।

पिछले वर्ष समिति द्वारा पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं के लिए ‘चलित पोहा प्रसादी’ का वितरण किया गया था। इस वर्ष 12वें वर्ष के आयोजन में कार्यकर्ताओं एवं सदस्यों के सुझाव के अनुसार फलाहारी आलू बड़े अथवा साबूदाने की खिचड़ी जैसी फलाहारी प्रसादी का चल समारोह के दौरान चलते-चलते वितरण करने की योजना बनाई जा रही है, ताकि नगर के अधिक से अधिक श्रद्धालुओं तक प्रसादी सहजता से पहुंच सके।

बैठक में समिति के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं युवा कार्यकर्ताओं ने आयोजन को भव्य, व्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए विभिन्न सुझाव दिए तथा तैयारियों को लेकर जिम्मेदारियां निर्धारित की गईं। अंत में समिति के प्रमोद कुमार मालवी ने आभार व्यक्त किया।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!