मंदसौर। शिशुवन वर्ल्ड स्कूल में 3 सितम्बर को श्रीेकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व प्राचार्य अभिषेक जी श्रीवास्तव के मार्गदर्शन तथा निर्देशन में पूर्ण श्रद्धा, उमंग और उल्लास के साथ मनाया गया।
भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की इस मंगल बेला पर कक्षा 1 एवं 2 के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और आत्मीयता के साथ सहभागिता की।
इस विशेष अवसर पर विद्यार्थी भगवान श्रीकृष्ण, राधा, सुदामा, देवकी, गोपियों तथा अन्य मनोहारी पात्रों के रूप में सुसज्जित होकर विद्यालय पहुँचे। रंग-बिरंगी एवं पारंपरिक वेशभूषा में सजे बच्चों की मनमोहक छवि ने वातावरण को कृष्णमय बना दिया। उनकी मासूम मुस्कान, आत्मविश्वास और सुंदर प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण विभिन्न मनोहारी झांकियाँ रहीं। इनमें कालिया नाग पर श्रीकृष्ण की लीला, गोवर्धन पर्वत धारण करते हुए श्रीकृष्ण, गौ-सेवा का भावपूर्ण दृश्य तथा कारागृह का प्रसंग प्रमुख रहे। विद्यार्थियों ने इन झांकियों के माध्यम से श्रीकृष्ण के जीवन, उनके आदर्शों और उनकी दिव्य लीलाओं को अत्यंत रचनात्मक एवं प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। विद्यालय की पूर्व प्राथमिक विंग की कोर्डिनेटर श्री मती कीर्ति जोशी के संरक्षण में जन्माष्टमी की पारंपरिक भावना को जीवंत करते हुए लड्डू गोपाल जी को सुसज्जित झूले में झुलाने की परंपरा भी श्रद्धा एवं प्रेमपूर्वक निभाई गई। पुष्पों और मनमोहक सजावट से सजा झूला कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षणों में रहा और इसने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम का एक और मनभावन आकर्षण नन्हे विद्यार्थियों का रैंप वॉक रहा। विभिन्न पौराणिक पात्रों की वेशभूषा में बच्चों ने पूरे आत्मविश्वास, सहजता और उत्साह के साथ अपनी प्रस्तुति दी। उनकी आकर्षक प्रस्तुति ने उपस्थित सभी लोगों को आनंदित कर दिया।
सम्पूर्ण आयोजन ने विद्यालय परिसर को भक्ति, आनंद, उत्साह और कृष्णमय उल्लास से भर दिया। जन्माष्टमी का यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए न केवल मनोरंजक और अविस्मरणीय रहा, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा एवं श्रीकृष्ण के जीवन-मूल्यों से जुड़ने का एक सुंदर अवसर भी बना।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।








