दशपुर दिशा । दीपक सोनी
रतलाम/नामली। नामली थाना क्षेत्र के पंछेड़ फंटे पर शनिवार शाम पुलिस ने बिना नंबर की क्रेटा कार रोककर तलाशी ली तो अंदर से नोटों से भरा बोरा मिलने से हड़कंप मच गया। बोरे में ₹100, ₹200 और ₹500 के नोटों की गड्डियां मिली हैं। पुलिस को शुरुआती तौर पर नकदी करीब 70 से 75 लाख रुपए होने की आशंका है।
कार और नकदी को जब्त कर पुलिस नामली थाने लेकर पहुंची। यहां नोटों की गिनती का काम जारी है। सही रकम सामने आने के बाद ही तस्वीर साफ होगी कि बोरे में कुल कितनी नकदी थी।

थाने में मशीनों से गिनी जा रही ‘लाखों की नकदी’
बरामद नोटों को थाने में निकालकर गिनती की जा रही है। इसके लिए नामली के सराफा व्यापारियों से दो नोट गिनने वाली मशीनें मंगाई गई हैं। थाना प्रभारी के चेंबर में पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में नोटों की गिनती चल रही है।
नकदी किसकी? कहां जा रही थी? पुलिस की जांच तेज
इतनी बड़ी रकम बिना नंबर की कार में मिलने के बाद पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल है कि नकदी किसकी है और इसे कहां ले जाया जा रहा था? फिलहाल पुलिस ने इस संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी राकेश पंद्रे भी नामली थाने पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस कार में सवार लोगों से पूछताछ के साथ नकदी के स्रोत और उसके इस्तेमाल की जांच कर रही है।
थाने में कड़ी सुरक्षा, गिनती रखी गई गोपनीय
बड़ी मात्रा में नकदी बरामद होने के चलते पुलिस ने गिनती की प्रक्रिया को गोपनीय रखा है। थाना प्रभारी के चेंबर में पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में नोट गिने जा रहे हैं और बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक रखी गई है।
एसपी राकेश पंद्रे के अनुसार नोटों की गिनती जारी है। गिनती पूरी होने के बाद बरामद रकम और मामले से जुड़ी अन्य जानकारी सामने लाई जाएगी।
अब बड़ा सवाल—बिना नंबर की कार में लाखों की नकदी आखिर किसकी थी और इसे कहां पहुंचाया जा रहा था?
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









