पान दुकान में हुई सिगरेट चोरी से खुला बाइक चोरी का राज, दलौदा पुलिस ने आरोपी को दबोचा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

18 हजार की सिगरेट और राजस्थान से चोरी की 50 हजार की बाइक बरामद

मंदसौर। दलौदा थाना पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए दलौदा चौपाटी स्थित पान दुकान में हुई चोरी का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में एक 19 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 18 हजार रुपए कीमत के विभिन्न कंपनियों के सिगरेट पैकेट बरामद किए हैं। आरोपी के कब्जे से राजस्थान के आंवरी माता क्षेत्र से चोरी की गई करीब 50 हजार रुपए कीमत की मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार 30 अगस्त 2026 को फरियादी विशाल पिता नानालाल शर्मा, उम्र 21 वर्ष, निवासी मंडी रोड दलौदा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 29 अगस्त की रात अज्ञात बदमाश ने दलौदा चौपाटी स्थित उसकी पान दुकान के काउंटर का ताला तोड़कर उसमें रखे सिगरेट के पैकेट चोरी कर लिए।

रिपोर्ट पर थाना दलौदा में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। थाना प्रभारी उनि रविंद्र प्रताप डांगी ने तत्काल पुलिस टीम गठित कर आरोपी की तलाश के लिए मुखबिर तंत्र एवं तकनीकी साक्ष्यों की मदद लेने के निर्देश दिए।

पुलिस टीम ने संभावित स्थानों पर तलाश करने के साथ विश्वसनीय मुखबिरों से जानकारी जुटाई। पुलिस के अनुसार जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर कृष्णा पिता विजेंद्र उर्फ गुड्डा बंजारा, उम्र 19 वर्ष, निवासी बापू गांधी नगर, इंदौर को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से चोरी किए गए विभिन्न कंपनियों के सिगरेट के पैकेट, कीमत करीब 18 हजार रुपए, बरामद किए गए।

राजस्थान से मोटरसाइकिल भी चोरी करना कबूला
पुलिस पूछताछ में आरोपी के कब्जे से हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक MP11MN7978, जिसकी कीमत करीब 50 हजार रुपए है, भी बरामद की गई। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह पैदल राजस्थान घूमने गया था। इसी दौरान थाना भदेसर राजस्थान क्षेत्र के आंवरी माता में सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिल को चोरी कर लिया और उसे लेकर इंदौर वापस जा रहा था। इसी दौरान दलौदा चौपाटी पर पान दुकान के काउंटर का ताला तोड़कर सिगरेट के पैकेट चोरी किए।

68 हजार रुपए का मश्रुका बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के सिगरेट पैकेट कीमत 18 हजार रुपए तथा हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल कीमत करीब 50 हजार रुपए, कुल करीब 68 हजार रुपए का मश्रुका बरामद किया है।

गिरफ्तार आरोपी
कृष्णा पिता विजेंद्र उर्फ गुड्डा बंजारा, उम्र 19 वर्ष, निवासी गांधी नगर, इंदौर।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उनि रविंद्र प्रताप डांगी, प्रधान आरक्षक दीपेंद्र सिंह, प्रधान आरक्षक यादवेंद्र सिंह एवं आरक्षक युवराज सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!