जावरा। रतलाम जिले में कांग्रेस संगठन के नए पदाधिकारियों के चयन के लिए रायशुमारी करने आए पर्यवेक्षकों की दावेदारों के साथ बंद कमरे में मुलाकात ने कार्यकर्ताओं के बीच हंगामा खड़ा कर दिया। पर्यवेक्षकों के इस कदम से नाराज कार्यकर्ताओं ने कमरे के बाहर जमकर नारेबाजी की।
शाम करीब 6 बजे राजस्थान के चुरू सांसद राहुल कासवां और धार के पूर्व विधायक प्रताप ग्रेवाल जावरा के पशु चिकित्सालय के सामने स्थित करनावट परिसर पहुंचे। यहां उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्लेन क्रैश के कारण पार्टी हाईकमान के निर्देश पर स्वागत-सत्कार की परंपरा नहीं निभाई जाएगी। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर हादसे के पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी।

सांसद कासवां ने मंच पर बैठने के बजाय खड़े होकर कार्यकर्ताओं से बात की। उन्होंने स्वीकार किया कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस की स्थिति खराब है और इसे मजबूत करने के लिए एकजुटता जरूरी है। उन्होंने गुटबाजी पर चिंता जताते हुए कहा, “तेरा-मेरा करने से काम नहीं चलेगा। विधानसभा चुनाव में साढ़े तीन साल बाकी हैं। यदि हम एकजुट होकर लड़ें, तो सफलता मिल सकती है।”
इसके बाद पर्यवेक्षकों ने दावेदारों से अलग-अलग चर्चा के लिए करनावट परिसर की ऊपरी मंजिल पर कमरा नंबर 202 में मुलाकात शुरू की। इस दौरान कमरे के बाहर दावेदारों और कार्यकर्ताओं की भीड़ जमा हो गई। बाद में पहुंचे कुछ कार्यकर्ताओं ने “पहले आए, पहले जाए” की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। रिंगनोद सरपंच यूसुफ पान सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
उपस्थित कार्यकर्ता: इस अवसर पर पार्षद निजाम काजी, पूर्व नपाध्यक्ष यूसुफ कड़पा, नपाध्यक्ष अनम कड़ापा, वरिष्ठ नेता वीरेंद्र सिंह सोलंकी, हिम्मत श्रीमाल, वरुण श्रोत्रिय, लोकेश विजया, राजेश भरावा, मुस्तकीम मंसूरी, फरजाना खान, यास्मीन खान, इमरान मंसूरी, नंदराम शाह, इमरान कुरेशी, डेपु पाउन चिकलाना, काना हाड़ा, मनीष बैरागी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









