अमृतसर से रतलाम लाए गए धारदार हथियारों के साथ दो गिरफ्तार, जीआरपी की बड़ी कार्रवाई

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दशपुर दिशा । दीपक सोनी
रतलाम। रतलाम रेलवे स्टेशन पर जीआरपी (रेलवे पुलिस) ने पंजाब के दो युवकों को बड़ी मात्रा में धारदार हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 25 खतकेदार चाकू, सात तलवारें, पांच गुप्ती और छह लोहे व बीड़ के पंच जब्त किए गए हैं। यह कार्रवाई सावन मास और स्वतंत्रता दिवस को ध्यान में रखते हुए चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के तहत की गई।

प्लेटफॉर्म पर मिली सूचना, तत्काल कार्रवाई
जीआरपी के एएसआई नौशाद खान को सूचना मिली कि प्लेटफॉर्म नंबर चार के पास प्रीमियम पार्किंग परिसर में एक युवक हथियारों से भरा झोला लेकर खड़ा है। इस पर थाना प्रभारी मोतीराम चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई की। मुखबिर के बताए हुलिए के आधार पर 20 वर्षीय जसप्रीत सिंह (पुत्र अंग्रेज सिंह, निवासी ग्राम माड़ी कम्बोक, जिला तरनतारन, पंजाब) को हिरासत में लिया गया। तलाशी में उसके झोले से बड़ी मात्रा में धारदार हथियार बरामद हुए।

पूछताछ में खुलासा, दूसरा आरोपी भी पकड़ा
पूछताछ में जसप्रीत ने बताया कि वह ये हथियार अमृतसर से खरीदकर रतलाम में गुरुद्वारा के पास जूते-चप्पलों की दुकान लगाने वाले 38 वर्षीय बलदेव सिंह (पुत्र गुरुवचन सिंह, निवासी ग्राम माड़ी कम्बोक, पंजाब) को देने लाया था। इसके बाद पुलिस ने बलदेव सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया। बलदेव ने कबूल किया कि वह पंजाब से सस्ते दामों में हथियार मंगवाकर रतलाम में ऊंचे दामों पर बेचता था।

पांच अगस्त तक पुलिस रिमांड
दोनों आरोपियों को बुधवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 5 अगस्त तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। जीआरपी थाना प्रभारी मोतीराम चौधरी ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है ताकि हथियारों की तस्करी के नेटवर्क का पता लगाया जा सके।

जीआरपी की सक्रियता
एसपी रेल इंदौर संतोष कोरी के निर्देश पर एएसपी मनीषा पाठक सोनी और डीएसपी ज्योति शर्मा के मार्गदर्शन में जीआरपी रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में सघन चेकिंग अभियान चला रही है। इस कार्रवाई में एएसआई पंचम सिंह, नौशाद खान, प्रधान आरक्षक रईस खान, नाहर सिंह, आरक्षक अंकित शेखावत, पुष्पेंद्र सिंह और धर्मेंद्र कुशवाह की टीम शामिल थी।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!