जावरा। बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक गुरुवार की शाम को बड़े उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। आयोजन इकबाल गंज मेला मैदान में हुआ, जहां 51 फीट ऊंचे रावण और 31-31 फीट ऊंचे कुम्भकर्ण और मेघनाद के पुतले आकर्षण का केंद्र बने।
दशहरा उत्सव समिति और नगर पालिका परिषद द्वारा आयोजित इस भव्य कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीराम की सवारी से हुई। यह सवारी तेली गली स्थित श्रीलक्ष्मीनारायण मंदिर से रवाना होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए दशहरा मैदान पहुंची। नगर में जगह-जगह स्वागत द्वार सजाए गए थे और नागरिकों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर सवारी का स्वागत किया। मैदान पर पहुंचने के बाद विधायक डॉ.राजेंद्र पांडेय, नीतिराजसिंह, डॉ.हमीरसिंह राठौर सहित समिति सदस्यों ने भगवान श्रीराम की अगवानी की।

मंच पर राम, लक्ष्मण, हनुमान और रावण की सेनाओं के बीच सांकेतिक युद्ध का आयोजन हुआ। हनुमानजी द्वारा लंका दहन की प्रस्तुति ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। इसके बाद परंपरा अनुसार नीतिराज भारतसिंह ने तलवार से रावण का वध किया। तत्पश्चात भगवान लक्ष्मण ने मेघनाद का और भगवान श्रीराम ने कुम्भकर्ण व रावण का अग्निबाण से वध कर पुतलों का दहन किया। धधकते पुतलों और आतिशबाजी के बीच जय श्रीराम के जयकारे गूंज उठे।
इस अवसर पर हरि नारायण अरोड़ा, डॉ.हमीरसिंह राठौर, राजेश शर्मा, अजयसिंह भाटी, घनश्याम रामनानी, नंदकिशोर महावर, महेश सोनी, उपाध्यक्ष मोहम्मद यूसुफ कडपा, सुषील कोठारी, बलवंतसिंह राठौर, रजत सोनी, लोकेश विजवा, पप्पू चारौड़िया, राजेश धाकड़, अनिल मोदी, तेजसिंह कदम सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीएसपी युवराजसिंह चौहान, नगर पालिका सीएमओ राहुल शर्मा, थाना प्रभारी जितेन्द्रपालसिंह जादौन, नपा इंजीनियर शुभम सोनी सहित पुलिस और नगरपालिका का अमला पूरी तरह तैनात रहा।
धधकते रावण के साथ ही मैदान में उमड़े जनसैलाब ने बुराई पर अच्छाई की जीत के इस पर्व को ऐतिहासिक बना दिया।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









