दशपुर दिशा । दीपक सोनी
रतलाम। कर्ज के दबाव ने एक बेटे को इस कदर मजबूर कर दिया कि उसने अपने ही घर में चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। शहर के स्टेशन रोड थाना क्षेत्र में हुई लाखों की चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से लगभग 18 लाख रुपए के सोने के आभूषण बरामद कर लिए हैं।
घटना 9 अक्टूबर 2025 की है, जब शुभ विहार कॉलोनी निवासी चांदमल जैन (60 वर्ष) ने रात के समय घर की अलमारी से सोना-चांदी के जेवर और 38 हजार रुपए नकद चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। चोरी गए माल की कुल कीमत लगभग 18 से 20 लाख रुपए आंकी गई थी। रिपोर्ट पर स्टेशन रोड थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।

जांच के दौरान निर्देशों पर विशेष टीम गठित की गई। टीम प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह जादौन, उपनिरीक्षक विजय सिंह बामने और साइबर सेल द्वारा तकनीकी साक्ष्यों और घटनास्थल निरीक्षण के आधार पर संदिग्धों की जांच की गई। जांच में संदेह की सुई शिकायतकर्ता के पुत्र सिद्धार्थ जैन (उम्र 24 वर्ष) पर गई।
कड़ी पूछताछ में सिद्धार्थ ने स्वीकार किया कि वह कर्ज में डूबा हुआ था और उसी दबाव में उसने अपने ही घर से चोरी की योजना बनाई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो सोने की डिलियां और दो सोने की चैनें बरामद की हैं, जिनकी कीमत लगभग 18 लाख रुपए बताई गई है। चोरीशुदा आभूषणों की पहचान परिजनों ने भी की है।
आरोपी सिद्धार्थ जैन निवासी शुभ विहार कॉलोनी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
टीम की सराहनीय भूमिका
इस प्रकरण के खुलासे में थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह जादौन, उपनिरीक्षक विजय सिंह बामने, साइबर सेल के हेमंत परमार, मुकेश चौहान, नील सोलंकी, मनमोहन शर्मा, हिम्मत सिंह, लक्ष्मीनारायण सूर्यवंशी, विपुल भावसार और राहुल पाटीदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









