स्वच्छ भारत मिशन की उड़ रही धज्जियां, सड़कों पर फैली गंदगी से जनता परेशान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दशपुर दिशा । दीपक सोनी
जावरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए स्वच्छ भारत मिशन के तहत शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के दावे हवा-हवाई साबित हो रहे हैं। शहर की मुख्य सड़कों पर फैली गंदगी और नगरपालिका की उदासीनता इस अभियान की पोल खोल रही है। विशेष रूप से बटालियन रोड पर स्थित एक रिसॉर्ट द्वारा सड़क पर बिखेरा गया कचरा न केवल आवागमन को बाधित कर रहा है, बल्कि स्वच्छता नियमों की धज्जियां भी उड़ा रहा है।

रिसॉर्ट में शादी समारोह के बाद संचालक ने कचरे को सड़क पर फेंक दिया, जिसमें प्रतिबंधित डिस्पोजल ग्लास भी शामिल हैं। यह सड़क बटालियन, धार्मिक स्थलों, रतलाम जाने वाले मार्ग और स्कूलों से जुड़ी है, जहां स्कूली बच्चों, अधिकारियों और आम नागरिकों का नियमित आवागमन होता है। इस गंदगी से न केवल दुर्गंध फैल रही है, बल्कि हादसों का खतरा भी बढ़ गया है। स्थानीय लोगों को सड़क से गुजरते समय मुंह पर कपड़ा रखना पड़ रहा है।

यह समस्या सिर्फ एक रिसॉर्ट तक सीमित नहीं है। शादी के सीजन में शहर के छोटे-बड़े रिसॉर्ट, होटल और रेस्तरां के बाहर यही हाल है। सड़कों पर पड़ा कचरा जहां ध्यान भटकाता है, वहीं बीमारियों का कारण भी बन सकता है। स्थानीय निवासियों ने नगरपालिका से ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि अगर गंदगी से बीमारी फैली, तो इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ेगा।

नगरपालिका के अधिकारी स्वच्छता के दावे तो करते हैं, लेकिन सड़कों की हकीकत उनकी लापरवाही को उजागर करती है। कोरोना महामारी की आहट के बावजूद स्वच्छता पर ध्यान न देना चिंताजनक है। शहरवासियों का कहना है कि सरकारी विभाग और अधिकारी स्वच्छ भारत मिशन का मजाक उड़ा रहे हैं।

जनता की मांग: नगरपालिका तत्काल कार्रवाई करे, सड़कों को साफ रखने के लिए ठोस कदम उठाए और नियम तोड़ने वालों पर सख्ती बरते, ताकि स्वच्छ भारत मिशन का उद्देश्य सार्थक हो सके।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!