दशपुर दिशा । दीपक सोनी
जावरा। जिले के तालिदाना पंचायत के ग्राम शक्कर खेड़ी में स्थित प्राथमिक विद्यालय की स्थिति अत्यंत जर्जर हो चुकी है। महज 8 साल पुरानी इस स्कूल की इमारत में टूटे पिलर और उखड़े प्लास्टर ने बच्चों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि छत से पानी टपकने और प्लास्टर गिरने का खतरा बना रहता है, जिससे माता-पिता अपने बच्चों को स्कूल भेजने से डर रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने उठाई आवाज
ग्रामीणों की शिकायत पर जिला पंचायत सदस्य राजेश भरावा ने स्कूल का दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण में पाया गया कि स्कूल की दीवारों का प्लास्टर इतना कमजोर है कि उसे हाथ से ही उखाड़ा जा सकता है। इमारत के पिलर भी टूटे हुए हैं, जो इमारत की मजबूती पर सवाल उठाते हैं। इसके अलावा, जल जीवन मिशन के तहत बच्चों के लिए लगाया गया पानी का स्टैंड भी इतना जर्जर है कि उसे ग्रामीणों ने तार से बांधकर टूटने से बचाया हुआ है।

ठेकेदार पर भ्रष्टाचार का आरोप
ग्रामीणों और जिला पंचायत सदस्य ने स्कूल की इस दयनीय स्थिति के लिए ठेकेदार द्वारा किए गए भ्रष्टाचार को जिम्मेदार ठहराया। उनका कहना है कि निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का उपयोग और लापरवाही के कारण इमारत इतनी जल्दी जर्जर हो गई। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से इस मामले में तुरंत कार्रवाई की मांग की है।
सरकार पर सवाल, योजनाओं पर खर्च, स्कूलों की अनदेखी
ग्रामीणों का आरोप है कि सरकार अपनी योजनाओं के प्रचार पर करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, लेकिन स्कूलों की जर्जर स्थिति की ओर कोई ध्यान नहीं दे रही। शक्कर खेड़ी जैसे कई स्कूलों में बच्चों की जान खतरे में है, फिर भी प्रशासन इस ओर उदासीन बना हुआ है।
मौके पर मौजूद रहे ग्रामीण
निरीक्षण के दौरान जावेद पापुलर, आयुष जोशी, ग्राम पंचायत उपसरपंच भरतराम माली, पप्पू खान, सलीम खान, राकेश जाट, रामकिशन माली, जीतू माली, अख्तर खान सहित कई ग्रामीण मौजूद थे। सभी ने एक स्वर में स्कूल की मरम्मत और दोषी ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
शक्कर खेड़ी का प्राथमिक विद्यालय ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा और बुनियादी ढांचे की बदहाली का जीता-जागता उदाहरण है। सरकार और प्रशासन को तत्काल इस स्कूल की मरम्मत और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाने चाहिए। साथ ही, निर्माण में भ्रष्टाचार की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी है, ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही न हो।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









