शामगढ़। सिविल हॉस्पिटल शामगढ़ में रोगी कल्याण समिति की साधारण सभा की बैठक क्षेत्रीय विधायक एवं समिति अध्यक्ष हरदीप सिंह डंग की उपस्थिति में आयोजित की गई। बैठक में अस्पताल में मरीजों को प्रदान की जा रही सुविधाओं के विस्तार और बेहतरी पर चर्चा हुई।
विधायक श्री डंग ने बताया कि वर्तमान में सिविल हॉस्पिटल में 7 चिकित्सक, जिसमें एक महिला चिकित्सक शामिल हैं, कार्यरत हैं। शीघ्र ही और चिकित्सकों की नियुक्ति की जाएगी। बैठक में रोगी कल्याण समिति के वार्षिक आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया गया। फिजियोथेरेपी सेंटर में पर्याप्त मशीनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया।

स्वास्थ्य सेवाओं में अग्रणी सिविल हॉस्पिटल शामगढ़
1 अप्रैल 2024 से 31 मार्च 2025 तक सिविल हॉस्पिटल में कुल 1,28,586 रोगियों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। इनमें 68,438 रोगी भर्ती, 3,922 गर्भवती माताओं का उपचार, 1,336 लैब जांच, 33,560 एक्स-रे, 9,299 ऑपरेशन, 1,063 प्रसूति, 1,758 सोनोग्राफी, 418 ईसीजी, 1,930 नेत्र जांच, 5,557 आकस्मिक सेवाएं, 1,262 फिजियोथेरेपी और 42 ब्लड बैंक सुविधाएं शामिल हैं। मंदसौर जिले में जिला चिकित्सालय के बाद शामगढ़ का सिविल हॉस्पिटल स्वास्थ्य सेवाओं में अग्रणी रहा।
अन्य महत्वपूर्ण निर्णय
– समिति द्वारा निर्मित दुकानों का बकाया किराया और अमानत राशि वसूलने के लिए तहसीलदार को निर्देश दिए गए।
– डिजिटल एक्स-रे मशीन, सोनोग्राफी, हब एंड स्कोप, और लैब जांच जैसी सुविधाओं को और बेहतर करने पर जोर दिया गया।
– भविष्य में मरीजों के लिए सुविधाओं को और बढ़ाने का निर्णय लिया गया।
एंबुलेंस दान पर किया सम्मान
पिछला खेड़ी निवासी श्री संजय दायमा द्वारा अपने पिताजी की स्मृति में अस्पताल को दान की गई एंबुलेंस के लिए उन्हें समिति का सदस्य मनोनीत किया गया। समिति के सभी सदस्यों ने उनका सम्मान किया।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









