मंदसौर। भगवान पशुपतिनाथ मंदिर में बढ़ती भक्तों की संख्या को देखते हुए धर्मसेवी रविन्द्र पाण्डेय ने प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट से सुविधाएं बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि देश-विदेश से आने वाले भक्तों के लिए रात्रि विश्राम, भोजन, सुरक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं का अभाव है, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
पाण्डेय ने बताया कि मंदिर परिसर में रात में बड़ी संख्या में यात्री खुले आसमान के नीचे विश्राम करते हैं। बाबा रामदेवरा और सांवरिया जी की पदयात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए पशुपतिनाथ ट्रस्ट को टेंट, दरी, बिस्तर, भोजन और पानी की व्यवस्था करनी चाहिए। बारिश के मौसम में अचानक होने वाली वर्षा से भक्तों को असुविधा होती है। इसलिए छाया और भोजन भंडारे की व्यवस्था जरूरी है।
उन्होंने मंदिर की विश्व प्रसिद्ध अष्टमुखी प्रतिमा का जिक्र करते हुए कहा कि यहां आने वाले भक्तों को सामान रखने, जूते-चप्पल और वाहन पार्किंग की बेहतर व्यवस्था की आवश्यकता है। इसके अलावा, महिलाओं के लिए स्नान के बाद वस्त्र बदलने हेतु अलग कक्ष और यात्रियों की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाने चाहिए।
पाण्डेय ने शिवना नदी के तट पर मछली पकड़ने वालों को रोकने के लिए पुलिस व्यवस्था और नदी में मिल रहे गंदे नालों को बंद करने की मांग भी की। उन्होंने कहा कि भगवान पशुपतिनाथ लोक का निर्माण भव्यता के साथ हो रहा है, लेकिन भक्तों की सुविधाओं पर भी ध्यान देना जरूरी है। इन व्यवस्थाओं से मंदिर की लोकप्रियता बढ़ेगी और यात्रियों को सहूलियत मिलेगी।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









