मंदसौर। मंदसौर के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष और भाजपा नेता राम कोटवानी की दादागिरी एक बार फिर चर्चा में है। इस बार उन्होंने मध्यप्रदेश विद्युत मंडल के सहायक यंत्री पीयूष पवार के साथ अभद्रता करते हुए उन्हें धमकाया, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस मामले में पीयूष पवार ने राम कोटवानी के अनावश्यक दबाव के खिलाफ पुलिस अधीक्षक, मुख्यमंत्री और ऊर्जा मंत्री से शिकायत दर्ज की है।
जानकारी के अनुसार, राम कोटवानी अपने घर के बिजली बिल को कम करने के लिए सहायक यंत्री पीयूष पवार पर लगातार दबाव बना रहे थे। पवार ने उन्हें नियमानुसार कागजी कार्रवाई पूरी करने की प्रक्रिया बताई, लेकिन कोटवानी इस बात को मानने को तैयार नहीं थे। मंगलवार को कोटवानी ने फिर से पीयूष पवार के साथ अभद्र व्यवहार किया और उन्हें जमकर धमकाया। इस घटना से पीयूष पवार की तबीयत बिगड़ गई, और सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें तत्काल शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। समाचार लिखे जाने तक पीयूष पवार की हालत ऐसी थी कि वह ठीक से बात भी नहीं कर पा रहे थे।

इस घटना के बाद, सहायक यंत्री पीयूष पंवार ने राम कोटवानी के अनुचित दबाव और धमकियों के खिलाफ कड़ा कदम उठाते हुए पुलिस अधीक्षक, मुख्यमंत्री और ऊर्जा मंत्री को लिखित शिकायत दर्ज की है। उन्होंने अपनी शिकायत में कोटवानी के व्यवहार और बार-बार की गई धमकियों का उल्लेख किया है।
राम कोटवानी का विवादों से पुराना नाता रहा है। उनके खिलाफ दादागिरी और धोखाधड़ी के कई मामले पहले भी सामने आ चुके हैं, जिनमें पुलिस थानों में प्रकरण दर्ज हुए हैं। इस ताजा घटना ने एक बार फिर उनके रवैये पर सवाल खड़े किए हैं। पुलिस और संबंधित अधिकारियों द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है, और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









