शामगढ़ में गरोठ रोड पर अवैध कॉलोनी काटने का सिलसिला जारी, सीसी सड़क निर्माण पर सवाल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दशपुर दिशा । योगेश पोरवाल
मंदसौर। शामगढ़ नगर के गरोठ रोड पर अवैध कॉलोनियों का जाल फैलता जा रहा है। पूर्व में इस क्षेत्र में छह अवैध कॉलोनियां काटी जा चुकी हैं, और अब एक नई कॉलोनी काटने की तैयारी सामने आई है। तन्वी होटल के सामने और कालू पंजाबी ढाबे के पीछे सर्वे नंबर 143 की कृषि भूमि पर अवैध कॉलोनी काटने की प्रक्रिया जोरों पर है। इस कॉलोनी में 33 केवी हाईटेंशन लाइन के ठीक नीचे सीसी सड़क का निर्माण भी शुरू हो चुका है, जिसे लेकर यूथ प्रेस क्लब अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह यादव ने गरोठ एसडीएम राहुल चौहान को शिकायत दर्ज कराई है।

यह है शिकायत के तथ्य
सुरेंद्र सिंह यादव ने शनिवार को एसडीएम को दी गई शिकायत में बताया कि गरोठ रोड पर अवैध कॉलोनी में 35 बाय 300 फीट की सीसी सड़क का निर्माण एक निजी ठेकेदार द्वारा किया जा रहा है। इसके लिए सुवासरा-गरोठ स्टेट हाईवे से खोदा गया डामर मलबा डेढ़ फीट तक बिछाया गया है। यह निर्माण बिना डायवर्शन, बिना टीएनसी अनुमति, बिना नगरीय निकाय की सहमति और अन्य आवश्यक अनुमतियों के हो रहा है। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया कि पांच साल पहले इसी क्षेत्र में एक अन्य अवैध कॉलोनी काटी गई थी, जिसके जिम्मेदार लोग अब इस नई कॉलोनी को विकसित कर रहे हैं।

शिकायत के बाद एसडीएम ने दिए कार्रवाई के निर्देश
एसडीएम गरोठ ने शिकायत के बाद जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन सोमवार सुबह तक मौके पर सीसी सड़क निर्माण का कार्य बेरोकटोक जारी रहा। रविवार को 300 बोरी सीमेंट और सोमवार को फ्लोरी मशीन मौके पर पहुंची, जिसमें सीमेंट, गिट्टी और रेत मिक्स कर सड़क निर्माण शुरू किया गया। मौके पर करीब 10 मजदूर ठेकेदार के साथ कार्यरत हैं। सुरेंद्र सिंह यादव ने सोमवार के घटनाक्रम की जानकारी भी एसडीएम को दी, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

भू-माफियाओं का खेल
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि भू-माफिया सरकारी नियमों को ताक पर रखकर अवैध कॉलोनियां काट रहे हैं। तन्वी होटल के पीछे भी पहले एक अवैध कॉलोनी बसाई जा चुकी है, जिससे सरकार को करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान हुआ है। यूथ प्रेस क्लब अध्यक्ष ने मांग की है कि सीसी सड़क निर्माण को तत्काल रोका जाए और कॉलोनी से संबंधित दस्तावेजों की जांच की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सड़क निर्माण पूरा हो गया, तो बाद में कार्रवाई करना मुश्किल हो सकता है।

सुरेंद्र सिंह यादव ने प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की है, ताकि अवैध कॉलोनी और सीसी सड़क निर्माण को रोका जा सके। उन्होंने डायवर्शन, टीएनसी और अन्य अनुमतियों की जांच की मांग की है, ताकि भू-माफियाओं के इस खेल पर अंकुश लगाया जा सके।
आपको बता दें पहले शामगढ़ के एक भूमाफिया ने बड़ी चालाकी से अवैध कॉलोनी बसाई थी। शिकायत के बाद जांच हुई तो भूमाफिया ने झूठ बोलकर सड़क और दीवारें जमीन मालिकों की बता दी थी। इस बार भी इसी अंदाज में प्रशासन को गुमराह करने के प्रयास में है। सवाल ये उठता है कि सड़क डालने, बाउंड्रीवाल बनाने की परमिशन किससे ली गई। किसी भी प्रकार के निर्माण में अनुमति की आवश्यकता होती है क्या इसका पालन भूमि स्वामी द्वारा किया गया है।

Yogesh Porwal
Author: Yogesh Porwal

वर्ष 2012 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय है। राष्ट्रीय समाचार पत्र हमवतन, भोपाल मेट्रो न्यूज, पद्मिनी टाइम्स में जिला संवाददाता, ब्यूरो चीफ व वर्ष 2015 से मन्दसौर से प्रकाशित दशपुर दिशा समाचार पत्र के बतौर सम्पादक कार्यरत, एवं मध्यप्रदेश शासन द्वारा जिला स्तरीय अधिमान्य पत्रकार है। पोरवाल, खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित है तथा खोजी पत्रकारिता सम्मान से सम्मानित भी किए जा चुके है। योगेश पोरवाल ने इग्नू विश्वविद्यालय दिल्ली एवं स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म एंड मास कम्यूनिकेशन, न्यू मीडिया में पीजी डिप्लोमा और मास्टर डिग्री प्राप्त की, इसके अलावा विक्रम विश्वविद्यालय से एलएलबी, एलएलएम और वर्धमान महावीर ओपन विश्वविद्यालय से सायबर कानून में अध्ययन किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!