मंदसौर। जिला कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग के तत्वावधान में जिला पंचायत सदस्य दीपकसिंह चौहान के नेतृत्व में मंदसौर शहर में कृषि विभाग, विद्युत विभाग और जिला सहकारी बैंकों के खिलाफ विशाल आक्रोश रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को मिले अपर्याप्त और भेदभावपूर्ण फसल बीमा राशि तथा स्मार्ट मीटर के कारण आए मनमाने बिजली बिलों के खिलाफ रोष व्यक्त करना था।
रैली गांधी चौराहा, जिला कांग्रेस कार्यालय से शुरू होकर शहर कोतवाली पर समाप्त हुई, जहां चौपाल लगाकर किसानों और नागरिकों ने तीनों विभागों के प्रति गहरा आक्रोश जताया।
फसल बीमा में भेदभाव का आरोप
जिला कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग के अध्यक्ष दीपकसिंह चौहान ने कहा कि कृषि विभाग द्वारा सैटेलाइट सर्वे के आधार पर फसल नुकसान का आकलन किया गया, लेकिन एक ही गांव में पास-पास के खेतों में समान नुकसान के बावजूद अलग-अलग राशि दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना किसानों की सहमति के सोसाइटीयों द्वारा फसल बीमा की किश्तें वसूल की गईं, लेकिन प्रभावित किसानों को नगण्य राशि मिली।
कृषि विभाग के अधिकारी रविंद्र मोदी को चौपाल में बुलाकर किसानों ने सवाल-जवाब किए। किसानों ने मालवी भाषा में पूछा, “अगर नुकसान एक समान हुआ और सर्वे सैटेलाइट से हुआ, तो फिर एक को बीमा राशि मिली और दूसरे को क्यों नहीं?” इन सवालों से अधिकारी असहज नजर आए।

स्मार्ट मीटर से मनमाने बिल
मंदसौर शहर में स्मार्ट मीटर के कारण 2,000 से 15,000 रुपये तक के मनमाने बिजली बिलों पर भी गहरा रोष व्यक्त किया गया। जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती रूपल संचेती ने विद्युत विभाग के उप अभियंता पीयूष पंवार के सामने एक झुग्गी में रहने वाली महिला के 18,000 रुपये के बिल का मामला उठाया। उन्होंने सवाल किया कि 10×12 के कमरे में रहने वाली अकेली महिला का बिल इतना कैसे हो सकता है। जिला कांग्रेस प्रवक्ता सुरेश भाटी ने भी बिजली उपकरणों की कम खपत के बावजूद भारी बिलों पर आश्चर्य जताया।
विभाग ने गजट नोटिफिकेशन का हवाला देकर कहा कि स्मार्ट मीटर के लिए सहमति अनिवार्य नहीं है, जिसे नागरिकों ने जनता का आर्थिक शोषण करार दिया।
आंदोलन में लीक से हटकर पहल
आंदोलन में औपचारिक ज्ञापन देने की बजाय, दीपकसिंह चौहान ने अधिकारियों को चौपाल में बिठाकर उनकी जवाबदेही तय की। किसानों और नागरिकों ने कृषि और विद्युत विभाग की विसंगतियों को सिलसिलेवार ढंग से रखा। रैली को वरिष्ठ कांग्रेस नेता ओमसिंह भाटी, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष गोविंदसिंह पंवार, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पाटीदार,विरेंद्रसिंह हाडा, भवानीशंकर धाकड़, यूनूस मेव, किशोर गोयल, विजेश मालेचा, रंगलाल धनगर, कमलेश्वर पटेल सहित कई नेताओं ने संबोधित किया।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अजा विभाग अध्यक्ष संदीप सलोद, सेवादल अध्यक्ष दिलीप देवड़ा, अल्पसंख्यक विभाग अध्यक्ष अनिस मंसुरी, युवा नेता राघव शक्तावत, प्रीतिपालसिंह राणा, महेश पाटीदार, श्रीमती वर्षा सांखला, श्रीमती कुमकुम सिसोदिया सहित बड़ी संख्या में किसान और आमजन उपस्थित थे। ज्ञापन का वाचन दीपकसिंह चौहान ने किया।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









