महाकुंभ से लौट रहे यात्रियों की बस दिल्ली-मुंबई हाईवे पर खड़े ट्रक में घुसी, 3 की मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महाकुंभ से कोटा होते हुए मन्दसौर लौट रहे थे श्रद्धालु, 2 की हालत गंभीर
मन्दसौर। दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर श्रद्धालुओं से भरी तेज रफ्तार बस खड़े ट्रक में जा घुसी। इस हादसे में पति-पत्नी सहित 3 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 2 की हालत गंभीर है। घायलों को कोटा के एमबीएस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। श्रद्धालु महाकुंभ (प्रयागराज) से मंदसौर (मध्य प्रदेश) लौट रहे थे। हादसा गुरुवार सुबह सिमलिया (कोटा) इलाके के कराड़िया के पास हुआ।
सिमलिया थाना ASI हरिराज सिंह ने बताया- हादसा सुबह साढ़े 6 बजे के आसपास हुआ। बस में करीब 56 यात्री सवार थे। बस यात्री एमपी के मंदसौर और रतलाम के रहने वाले हैं। प्रयागराज से स्नान करके वापस मन्दसौर लौट रहे थे। सुबह के वक्त हाईवे पर एक ट्रक खड़ा था।
पीछे से ट्रक में घुसी थी बस
बस खड़े ट्रक में पीछे से घुस गई। हादसे में कैलाशी बाई (54), किशोरी लाल (60) व अशोक (35) की मौत हुई है। कैलाशी और किशोरी लाल रेखवार पति-पत्नी थे। पति-पत्नी संजीत नाका, पटेल कॉलोनी (मंदसौर) और अशोक (मृतक) नृसिंहपुरा, रामदेव मन्दिर के पास, मंदसौर (MP) के रहने वाले थे। अशोक पेशे से हलवाई थे। चमन लाल व पार्वती घायल हैं। ये लोग बस की कैबिन में बैठे थे। इनका इलाज एमबीएस हॉस्पिटल में चल रहा है। उधर, बस ड्राइवर फरार है।
बस यात्रियों को हनुमान मंदिर में ठहराया गया। हादसे के बाद बस में सवार सभी यात्रियों को कराड़िया में नाड़ा का हनुमान मंदिर परिसर में ठहराया गया है। यात्रियों के लिए दूसरी बस की व्यवस्था की जा रही है।
हादसे के समय गहरी नींद में थे यात्री
बस में सवार रतलाम की रहने वाली सिद्धि पंवार ने बताया- सुबह का वक्त था। बस में सवार सभी लोग सो रहे थे। जैसे ही एक्सीडेंट हुआ, सभी की एकदम नींद खुल गई। सभी लोग इमरजेंसी गेट से कूदे। सभी के सामान एक-एक करके बाहर निकाले।
7 फरवरी को मन्दसौर से रवाना हुई थी बस दुर्घटनाग्रस्त बस (सिद्धि विनायक यात्रा टूर) की सवारियों ने बताया- 7 फरवरी को यात्रियों को लेकर प्रयागराज के लिए बस मंदसौर से रवाना हुई थी। इनमें 25 यात्री मंदसौर, 6 यात्री प्रतापगढ़ के, 6 मनासा, 1 ग्रुप रतलाम व अन्य जगह के यात्री थे।
बुधवार रात 11 बजे आगरा से आगे निकले थे। रास्ते में रुकते-रुकते आ रहे थे। सिमलिया से पहले तड़के 5 बजे करीब टॉयलेट के लिए रास्ते में यात्री रुके। फिर बस रवाना हुई।
हादसा दुःखद, हर संभव सहायता कर रहे
जैसे ही इस हादसे की जानकारी मंदसौर पहुंची वैसे ही भाजपा नेता ने सांसद सुधीर गुप्ता से चर्चा की, इसके बाद कोटा में लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के कार्यालय में बात कर पीड़ितों की हर संभव सहायता करने को कहा। कोटा प्रशासन से भी चर्चा की और मृतकों का पीएम करवा कर शव मंदसौर भेजने एवं घायलों का सही ढंग से उपचार करने को कहा। अन्य बस से यात्रियों को मंदसौर लाने के लिए सांसद सुधीर गुप्ता ने व्यवस्था की साथ ही हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!