दशपुर दिशा । दीपक सोनी
जावरा। छत्तीसगढ़ में छत्तीसगढ़िया क्रांति सेवा के नेता अमित बघेल द्वारा भगवान श्री झूलेलाल पर की गई अभद्र और अपमानजनक टिप्पणी के विरोध में जावरा का सिंधी समाज एकजुट होकर सड़कों पर उतर आया। समाजजनों ने इस कृत्य को न केवल धार्मिक भावनाओं का अपमान, बल्कि देशभक्त सिंधी समुदाय को बदनाम करने का प्रयास बताया।
रायपुर में जारी एक वीडियो में अमित बघेल द्वारा भगवान झूलेलाल को लेकर अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया गया और सिंधी समाज को “पाकिस्तानी सिंधी” कहकर संबोधित किया गया। इस अपमानजनक टिप्पणी के बाद सिंधी समाज में भारी आक्रोश फैल गया।

जावरा में पूज्य सिंधी पंचायत सामाजिक ट्रस्ट एवं समस्त सिंधी समाज द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया और अनुविभागीय अधिकारी सुनील जायसवाल को ज्ञापन सौंपकर आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी एवं कठोर दंडात्मक कार्रवाई की मांग की गई। समाजजनों ने कहा कि ऐसे असामाजिक तत्वों पर कठोर कार्रवाई ही समाज में सौहार्द और शांति बनाए रखने का संदेश दे सकती है।
सिंधी समाज ने ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया कि सिंध अखंड भारत का अभिन्न हिस्सा रहा है और सिंधु घाटी सभ्यता विश्व की सबसे प्राचीन संस्कृति मानी जाती है। भगवान झूलेलाल को जल देवता वरुण देव के रूप में पूजने वाली यह संस्कृति शांति, सद्भाव और एकता का संदेश देती है—ऐसे में किसी भी प्रकार की अभद्र टिप्पणी अत्यंत निंदनीय और अस्वीकार्य है।
कार्यक्रम में समाज अध्यक्ष दीपेश मनसुखानी ने ज्ञापन का वाचन किया। सचिव जितेन्द्र कोठारी, कोषाध्यक्ष तरुण चंचलानी, उपाध्यक्ष रमेश फुलवानी, श्याम मनवानी के साथ वरिष्ठ समाजजन महेश सोनी, डॉ. हेमंत तोलानी, देवेश चावला, चेतन रांचवानी, भरत खियानी, मनोज तनवानी, राजेश बादलनी सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
महिला शक्ति भी विरोध में सक्रिय रूप से शामिल हुई, जिनमें जानकी मोटवानी, दिशा चावला, वंदना शर्मा, वर्षा तोलानी समेत कई महिलाएँ मौजूद रहीं।
घटना की जानकारी समाज प्रतिनिधि राजा चंचलानी द्वारा दी गई। समाजजनों ने स्पष्ट कहा कि यदि आरोपी के खिलाफ त्वरित कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









