मंदसौर मंडी में हम्माली दर वृद्धि के आदेश पर व्यापारी और किसान संघ नाराज, निरस्त करने की मांग को लेकर मण्डी सचिव को सौंपा ज्ञापन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मंदसौर। मंदसौर कृषि उपज मंडी में हम्माली दर वृद्धि को लेकर व्यापारी संघ, भारतीय किसान संघ और बीजेपी किसान मोर्चा ने कड़ा विरोध जताया है। इन संगठनों ने मंडी समिति के सचिव को पत्र लिखकर 15 जून 2025 से लागू हम्माली दर वृद्धि के आदेश को निरस्त करने की मांग की है।

भारतीय किसान संघ, बीजेपी किसान मोर्चा और दशपुर मंडी व्यापारी संघ द्वारा संयुक्त रूप से लिखे गए पत्र में कहा गया है कि 23 अगस्त 2025 को जनप्रतिनिधियों, किसान प्रतिनिधियों, हम्माल संघ, तुलावटी संघ और प्रशासन के अधिकारियों की बैठक में व्यवस्था सुधार के बाद ही हम्माली दर में वृद्धि पर सहमति बनी थी। हालांकि, पत्र के अनुसार, आज तक व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हुआ है। इसके बावजूद मंडी प्रशासन ने आदेश क्रमांक 646 दिनांक 04/06/2025 के तहत 15 जून 2025 से हम्माली दर में वृद्धि लागू कर दी, जिस पर संगठनों ने असहमति जताई है।

संगठनों ने कहा व्यवस्था में सुधार के बिना दर वृद्धि औचित्यहीन
पत्र में बताया गया कि मंडी में किसानों को आज भी बोरी पकड़ने, माल भरने और उतराई जैसे कार्य स्वयं करने पड़ रहे हैं, फिर भी उनसे इसके लिए शुल्क वसूला जा रहा है। न तो वाहनों की व्यवस्था की गई है और न ही ठिया पद्धति को समाप्त किया गया है। किसानों को टेका लगाने और ठेले को धक्का देने जैसे कार्य भी करने पड़ रहे हैं। संगठनों का कहना है कि व्यवस्था में सुधार के बिना दर वृद्धि का कोई औचित्य नहीं है।

संगठनों ने मंडी समिति के सचिव से मांग की है कि जब तक सभी पक्ष व्यवस्था सुधार से संतुष्ट नहीं हो जाते, तब तक हम्माली दर वृद्धि का आदेश निरस्त किया जाए। साथ ही, इस मुद्दे पर पुनः बैठक बुलाकर चर्चा के बाद निर्णय लेने की अपील की गई है।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!