जावरा। जावरा शहर में सैकड़ों बिजली उपभोक्ताओं ने एकजुट होकर बिजली पीड़ित उपभोक्ता समिति के सदस्यों और जीवन सिंह शेरपुर के समर्थन में माननीय सीएसपी युवराज सिंह चौहान को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन का वाचन बिजली उपभोक्ता समिति के दिव्यांग सदस्य राजेश धाकड़ ने किया।
ज्ञापन में बिजली उपभोक्ताओं ने मांग की है कि बिजली कंपनी के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा समिति के सदस्यों और जीवन सिंह शेरपुर के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने हेतु दर्ज कराया गया आवेदन पूर्णतः मिथ्या और निराधार है, जिसे तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए। साथ ही, बिजली कंपनी के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा बिजली कार्यालय में बिलों में की जा रही अनियमितताओं और बिलों की राशि को डायरी में जमा कर की जा रही कथित चोरी के खिलाफ तत्काल प्रकरण दर्ज करने की मांग की गई।
उपभोक्ताओं ने यह भी बताया कि पूर्व में दो बार सिटी थाने और सीएसपी कार्यालय में बिजली विभाग के अधिकारियों के खिलाफ शिकायत दर्ज करने हेतु आवेदन दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस पर भी संज्ञान लेने की मांग की गई है।
इस प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में महिलाएं और पुरुष शामिल हुए, जिन्होंने एकजुट होकर अपनी मांगों को जोरदार तरीके से उठाया।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









