लोकायुक्त उज्जैन ने जीरन नगर परिषद के लिपिक को सात हजार रूपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दशपुर दिशा । आशीष बंग
नीमच। लोकायुक्त उज्जैन की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान के तहत सोमवार को जीरन नगर परिषद में तैनात लिपिक चैनसुख बैरागी को 7,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। यह वही लिपिक है, जिसे पहले रिश्वतखोरी के आरोपों के कारण वाटर वर्क्स ऑफिस में स्थानांतरित किया गया था, लेकिन नगर परिषद अध्यक्ष रामकरण सागवारिया के कथित संरक्षण के चलते उसे फिर से महत्वपूर्ण कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

संबल योजना के नाम पर रिश्वत की मांग
शिकायतकर्ता भरत कुमार भट्ट ने उज्जैन लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज की थी कि चैनसुख बैरागी ने उनकी मां सागर बाई के संबल योजना के क्लेम के लिए 20,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायत की जांच के बाद लोकायुक्त ने मांग की पुष्टि की और ट्रैप ऑपरेशन की योजना बनाई। बैरागी ने पहली किश्त के रूप में 7,000 रुपये लेने के लिए शिकायतकर्ता को बुलाया था।

लोकायुक्त टीम ने सोमवार को जीरन में कार्रवाई करते हुए बैरागी को पुराने पुलिस थाने के पास उसके निवास पर 7,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया। रिश्वत की राशि उसके बेडरूम में पलंग के गद्दे के नीचे से बरामद की गई।

अध्यक्ष का करीबी होने का आरोप
स्थानीय लोगों के अनुसार, चैनसुख बैरागी नगर परिषद अध्यक्ष रामकरण सागवारिया का करीबी है और अक्सर उनके निजी कार्यों में संलग्न रहता था। उसे कई बार अध्यक्ष की गाड़ी चलाते भी देखा गया। पूर्व में भी उस पर रिश्वतखोरी के आरोप लगे थे, जिसके बाद उसे वाटर वर्क्स ऑफिस में स्थानांतरित किया गया था। हालांकि, कथित सिफारिश के चलते उसे फिर से महत्वपूर्ण कार्य सौंपे गए, जिसके बाद उसका भ्रष्ट चेहरा उजागर हुआ।

लोकायुक्त की कार्रवाई जारी
लोकायुक्त ने आरोपी लिपिक के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भी जांच की जा रही है। इस मामले ने राजनीतिक पहुंच और संरक्षण के आरोपों के कारण संवेदनशील मोड़ ले लिया है।
लोकायुक्त टीम में उप पुलिस अधीक्षक दिनेशचंद्र पटेल, निरीक्षक हीना डाबर, प्रधान आरक्षक हितेश ललावत, और आरक्षक उमेश जाटव, श्याम शर्मा व नीरज राठौर शामिल थे।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!