दशपुर दिशा । दीपक सोनी
रतलाम। जावरा नगर में समाजसेवा की एक अनूठी मिसाल कायम हुई, जब समाजसेवी स्वर्गीय राजेंद्र कोलन के निधन के बाद उनके परिजनों ने देहदान का महान निर्णय लिया। इस नेक कार्य ने न केवल मानवीय मूल्यों को मजबूती प्रदान की, बल्कि समाज को एक नई सोच और दिशा भी दी।
परिजनों ने संजीवनी फाउंडेशन एवं लायंस क्लब जावरा के सहयोग से देहदान की प्रक्रिया शुरू की। प्रशासनिक समन्वय और विधिक औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद पार्थिव देह को मेडिकल शिक्षा एवं अनुसंधान के लिए मंदसौर मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
सम्मान के साथ अंतिम यात्रा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार देहदानी को गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान करते हुए सम्मानपूर्वक अंतिम यात्रा निकाली गई। मंदसौर मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर कॉलेज प्रबंधन ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा परिजनों को देहदान स्वीकृति पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान किए गए।

समाज के लिए प्रेरणास्रोत
लायंस क्लब जावरा एवं संजीवनी फाउंडेशन के अध्यक्ष यश जैन ने कहा कि यह जावरा नगर का तीसरा देहदान है, जो पूरे रतलाम जिले में देहदान के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य करेगा। कोलन परिवार का यह निर्णय आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।
मानवीय मूल्यों का विस्तार
संजीवनी फाउंडेशन के माध्यम से अब तक 25 से अधिक नागरिक देहदान हेतु संकल्प पत्र भर चुके हैं, जो समाज में बढ़ती संवेदनशीलता और मानवीय सोच का प्रमाण है। अंजलि सभा में शहर के अनेक सामाजिक कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक एवं कोलन परिवार के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस पुनीत कार्य में रतलाम की काकाणी फाउंडेशन का विशेष योगदान सराहनीय रहा।
यह घटना देहदान जैसे महत्वपूर्ण कार्यों की ओर समाज का ध्यान आकर्षित करती है और अन्य परिवारों को भी प्रेरित करने का माध्यम बनेगी।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









