नीमच। सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (सीबीआई) ने उज्जैन स्थित केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो में पदस्थ इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह जाट को नीमच से हिरासत में लिया है। यह कार्रवाई गोपनीय सूचना के आधार पर की गई, जिसमें उन पर भारी रिश्वत मांगने का आरोप है।
सीबीआई, जयपुर को बड़ी सादड़ी निवासी मांगीलाल गुर्जर ने सूचना दी थी कि इंस्पेक्टर जाट ने उनके घर से 400 किलो डोडा चूरा जब्त किया था। परिवार को मामले में नहीं फंसाने के लिए जाट ने पहले 1 करोड़ रुपये की मांग की, जिसे बाद में 53 लाख रुपये में तय किया गया। यह राशि मध्यस्थ जगदीश मेनारिया के जरिए दी जानी थी।

सूचनादाता ने बताया कि वह तीन किश्तों में 44 लाख रुपये दे चुका था, लेकिन शेष 9 लाख रुपये के लिए उसे लगातार तंग किया जा रहा था। सीबीआई ने जाल बिछाकर मध्यस्थ को 3 लाख रुपये लेते रंगे हाथों पकड़ा, जिसके बाद पूछताछ में इंस्पेक्टर जाट को भी हिरासत में लिया गया।
जांच में पता चला है कि महेंद्र सिंह जाट ने नीमच, सीकर और जयपुर में कई संपत्तियां खरीदी हैं, जिनकी अब गहन जांच की जाएगी। सीबीआई इस मामले में भ्रष्टाचार और संपत्ति के स्रोतों की पड़ताल कर रही है।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









