मन्दसौर। जिले के गरोठ थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब एक गरीब सिंघाड़ा बेचने वाले फेरी वाले ने थाना प्रभारी हरीश मालवीय पर बिना किसी अपराध के जबरन गाड़ी उठवाकर थाने ले जाने और गंभीर मारपीट करने का सनसनीखेज आरोप लगाया है।
पीड़ित कृष्ण पिता गोविंद उम्र करीब 30 वर्ष मूल निवासी सोयतकला का बताया जा रहा है। वह बेहद गरीब परिवार से है और पिछले डेढ़ महीने से अपने मामाजी के गांव खेरखेड़ा थाना गरोठ क्षेत्र में रहकर गरोठ बाजार में ठेला-गाड़ी पर सिंघाड़े बेचकर अपने परिवार का पेट पाल रहा था।

कृष्ण ने अपने ज्ञापन में आरोप लगाया है कि 17 नवंबर 2025, सोमवार को शाम करीब 4 बजे थाना प्रभारी हरीश मालवीय ने उसे सिंघाड़े की ठेला-गाड़ी से जबरन उठवाया, पुलिस की गाड़ी में बैठाकर थाने ले गए और वहां बिना किसी जुर्म या गलती के उसके साथ बुरी तरह मारपीट की। मारपीट में उसके कान और मुंह पर गंभीर चोटें आई हैं, जिनका वह निजी स्तर पर इलाज करवा रहा है।
पीड़ित ने ज्ञापन में लिखा है कि
“बिना किसी अपराध-गलती के थाना प्रभारी ने कानून को अपने हाथ में लेकर मेरे साथ गंभीर मारपीट की। इससे मैं और मेरा पूरा परिवार बुरी तरह डरा-सहमा हुआ है तथा मानसिक तनाव में है।”
कृष्ण ने मांग की है कि थाना प्रभारी हरीश मालवीय के खिलाफ मारपीट, पद का दुरुपयोग एवं आपराधिक कृत्य के तहत कठोर कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया जाए तथा इसकी निष्पक्ष जांच कराई जाए।
मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में पुलिस के खिलाफ आक्रोश फैल गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गरीब फेरी वालों के साथ ऐसा व्यवहार बेहद निंदनीय है।
वर्तमान में पीड़ित ने यह ज्ञापन जिला पुलिस अधीक्षक आगर-मालवा को सौंप दिया है। पुलिस अधीक्षालय से मिली जानकारी के अनुसार ज्ञापन प्राप्त हो गया है और मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल थाना प्रभारी हरीश मालवीय का इस संबंध में कोई बयान सामने नहीं आया है।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









