पवित्र नगरी घोषित होने के बाद भी मन्दसौर शहर के गली मोहल्लों में बिक रही अवैध शराब, आबकारी विभाग ने 5 प्रकरण बनाए
मंदसौर। मंदसौर पुलिस और आबकारी विभाग ने अवैध शराब के निर्माण और तस्करी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए जिले के विभिन्न क्षेत्रों में दबिश दी। इस दौरान 2062 लीटर लहान नष्ट किया गया और 137 लीटर अवैध शराब जब्त की गई। पुलिस और आबकारी विभाग की कार्रवाइयों में 10 प्रकरण दर्ज किए गए, जिसमें 5 आरोपी गिरफ्तार किए गए, जबकि एक आरोपी फरार है।

पवित्र नगरी घोषित होने के बावजूद बिक रही अवैध शराब
मंदसौर शहर को पवित्र नगरी घोषित किए जाने के बाद शराब की दुकानें भले ही शहर की सीमा से बाहर कर दी गई है। लेकिन आज भी शहर के हर गली मोहल्ले में अवैध शराब धड़ल्ले से बिक रही है। गत दिवस हुई आबकारी विभाग की कार्रवाई ने ये साबित भी कर दिया है। लेकिन पुलिस शहर में अवैध शराब के सिंडीकेट को खत्म क्यों नहीं कर पा रही है ये विचारणीय है!
पुलिस चौकी कचनारा की कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल और एसडीओपी ग्रामीण कीर्ति बघेल के मार्गदर्शन में दलौदा थाना की कचनारा चौकी प्रभारी उनि पूर्णिमा सिंह सिरोहिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम उमाहेड़ा में मुखबिर की सूचना पर दबिश दी। इस दौरान आरोपी सुमित पिता मुकेश चौहान बाछड़ा के मकान के पीछे से 2000 लीटर लहान बरामद कर मौके पर नष्ट किया गया। साथ ही, चार केन में 60 लीटर अवैध हाथ भट्टी शराब जिसका मूल्य 60,000 रुपये जब्त की गई। आरोपी सुमित मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। इस मामले में धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस थाना अफजलपुर की कार्रवाई
अफजलपुर थाना प्रभारी उनि शैलेंद्र सिंह कनेश के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने ग्राम सीखेड़ी, झिरकन, और बासाखेड़ी में 15 से अधिक ठिकानों पर दबिश दी। इस कार्रवाई में 2000 लीटर लहान नष्ट किया गया और 42 लीटर कच्ची हाथ भट्टी शराब (4 प्रकरण) तथा 20 क्वार्टर देशी प्लेन शराब (1 प्रकरण) जब्त की गई। इस कार्रवाई में धारा 34 आबकारी अधिनियम के तहत 5 प्रकरण दर्ज किए गए। पुलिस टीम में उनि राजाराम वर्मा, सउनि विजेंद्र सिंह, प्रआर देवेंद्र सिंह, और अन्य का सराहनीय योगदान रहा।
आबकारी विभाग की कार्रवाई
उप निरीक्षक कर्मेंद्र सांवले के नेतृत्व में आबकारी विभाग ने 15 से 18 सितंबर तक विशेष अभियान चलाया। इस दौरान इंद्रानगर, सीतामऊ फाटक, और अभिनंदन नगर में कार्रवाई की गई। कुल 5 आरोपियों—नरेंद्र, विजय मोई, विनोद, बंकट, और वीरेंद्र—को गिरफ्तार किया गया। इनसे 75 पाव देशी प्लेन शराब और 8 बीयर केन (कुल मूल्य 6585 रुपये) जब्त की गई। धारा 34(1) आबकारी अधिनियम 1915 के तहत 5 प्रकरण दर्ज किए गए। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक अमित तेकाम, आरक्षक केशव मेहता, और अन्य का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
जब्त सामग्री का विवरण
– कुल लहान नष्ट: 4000 लीटर (2000 लीटर कचनारा + 2000 लीटर अफजलपुर)
– कुल शराब जब्त: 137 लीटर (60 लीटर कचनारा + 42 लीटर अफजलपुर + 35 लीटर आबकारी विभाग)
– प्रकरण दर्ज: 10 (1 कचनारा + 5 अफजलपुर + 5 आबकारी विभाग)
– आरोपी: 5 गिरफ्तार (आबकारी विभाग), 1 फरार (सुमित, कचनारा)
मंदसौर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा ने कहा कि अवैध शराब के निर्माण और तस्करी के खिलाफ कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। पुलिस टीमें जिले में इस तरह की गतिविधियों पर कड़ी नजर रख रही हैं। फरार आरोपी सुमित की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









