हवाई फायरिंग कर डोडाचूरा तस्कर हुए फरार, गुस्साए ग्रामीणों ने कार में की तोड़फोड़

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दशपुर दिशा । दीपक सोनी
जावरा। जावरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रोला में रविवार देर रात डोडाचूरा तस्करी के दौरान हवाई फायरिंग और वाहन तोड़फोड़ की घटना से अफरातफरी मच गई। नीमच नारकोटिक्स विभाग की टीम के पीछा करने पर तस्करों की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसके बाद उन्होंने फायरिंग कर फरार हो गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने कार में तोड़फोड़ की। पुलिस ने वाहन से करीब 40 किलो डोडाचूरा बरामद किया है।

घटना की जानकारी के अनुसार, काले रंग की स्कॉर्पियो कार (नंबर एमपी 09 सीयू 7684) से दो युवक डोडाचूरा तस्करी करते हुए गुजर रहे थे। नीमच नारकोटिक्स विभाग की टीम उनका पीछा कर रही थी। तेज गति से भागते हुए तस्करों की कार रोला के पास निर्माणाधीन सड़क से फिसलकर नीचे उतर गई।

कार के नीचे उतरते ही स्थानीय ग्रामीण मदद के लिए पहुंचे, लेकिन तस्करों ने उन्हें पीछा करने वाला समझ लिया। भ्रम की स्थिति में तस्करों ने हवाई फायरिंग शुरू कर दी और डोडाचूरा से भरी कार छोड़कर फरार हो गए। फायरिंग से ग्रामीणों में दहशत फैल गई, जिसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने कार में जमकर तोड़फोड़ की।

सूचना मिलते ही पुलिस और नारकोटिक्स विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। टीम ने वाहन को जब्त कर थाने ले जाया। एसडीओपी संदीप मालवीय ने बताया कि कार से दो बोरों में करीब 40 किलो डोडाचूरा बरामद हुआ है। फरार तस्करों की तलाश जारी है।

मौके पर स्थिति सामान्य बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस और नारकोटिक्स विभाग संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रहे हैं तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!