पशुपतिनाथ लोक निर्माण कार्य पूर्ण करने के लिए कलेक्टर ने दिए मिशन मोड में काम करने के निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मंदसौर। मंदसौर के पशुपतिनाथ मंदिर प्रबंध समिति की बैठक कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग की अध्यक्षता में मंदिर सभागार में संपन्न हुई। बैठक में राज्यसभा सांसद श्री बंशीलाल गुर्जर, मंदसौर विधायक श्री विपिन जैन, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रमादेवी बंशीलाल गुर्जर, जनपद अध्यक्ष श्री बसंत शर्मा, एडिशनल एसपी श्री गौतम सिंह सोलंकी, डिप्टी कलेक्टर श्री रविंद्र परमार सहित मध्य प्रदेश पर्यटन निगम, लोक निर्माण एजेंसी और प्रबंध समिति के सदस्य मौजूद रहे।

कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने पशुपतिनाथ लोक निर्माण एजेंसी को निर्देश दिए कि मंदिर के निर्माण कार्य को मिशन मोड में पूरा करें। उन्होंने कहा कि बारिश से पहले शेड निर्माण का काम पूरा करें और प्रतिदिन इसकी मॉनिटरिंग करें। किसी भी समस्या पर तुरंत कार्रवाई करें। मध्य प्रदेश टूरिज्म विभाग को पूरी तैयारी के साथ कार्य में जुटने के निर्देश दिए गए।

श्रावण माह की व्यवस्थाओं पर चर्चा
बैठक में श्रावण माह की व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। मंदिर का समय सुबह 5:00 बजे से रात 11:00 बजे तक निर्धारित किया गया। सोमवार, रविवार, हरियाली अमावस्या, नाग पंचमी और अन्य विशेष त्योहारों पर गर्भगृह में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा, और दर्शनार्थी बाहर से दर्शन कर सकेंगे। मनोकामना अभिषेक सुबह 8:00 से 10:00 बजे तक संस्कृत पाठशाला के वेदपाठी ब्राह्मण और आचार्य श्री ज्ञानी द्वारा कराया जाएगा, जिसका शुल्क 500 रुपये तय किया गया।

सुरक्षा, सफाई और अन्य व्यवस्थाएं
कलेक्टर ने श्रावण माह के दौरान मंदिर की सुरक्षा, पार्किंग, स्नान व्यवस्था, पेयजल, और सफाई व्यवस्था को बेहतर करने के निर्देश दिए। चन्द्रपुरा, खिलचीपुरा, पुरानी पुलिया, नवीन पुलिया, महू-नीमच रोड पर स्थित गेट और चौराहों की स्ट्रीट लाइट्स ठीक करने, मंदिर परिसर के हाईमास्ट की मरम्मत, और आकर्षक विद्युत सज्जा करने के लिए नगर पालिका को निर्देश दिए गए। एमपीईबी को सभी विद्युत कनेक्शन जांचने और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।

यात्रियों के लिए भोजन और ठहरने की व्यवस्था
यात्रियों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था के लिए कैफेटेरिया के गोलकार हॉल और किचन परिसर को किराए पर देने का निर्णय लिया गया। यहां यात्रियों को निर्धारित दरों पर पौष्टिक भोजन उपलब्ध होगा।

पूजा-अभिषेक के शुल्क
पूजा और अभिषेक के शुल्क इस प्रकार निर्धारित किए गए:
– पूजा (सामग्री सहित): 200 रुपये
– वाहन पूजा (सामग्री सहित): 200 रुपये
– अभिषेक: 500 रुपये
– श्रृंगार भोग अभिषेक: 2100 रुपये
– हनुमान जी का चोला: 500/1100 रुपये
– हवन: 500 रुपये

दुकानों के किराए में वृद्धि
दुकानों के किराए में नियमानुसार प्रति वर्ष वृद्धि होगी। दुकान हस्तांतरण पर किराए में 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाएगी।

अन्य निर्णय
मंदिर में गार्डों की संख्या बढ़ाने, नए आवेदनों का चरित्र सत्यापन, गार्ड रूम और चौकी निर्माण, और मल्टी परपज एंबुलेंस की व्यवस्था पर भी विचार किया गया।

Dashpur Disha
Author: Dashpur Disha

दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!