दशपुर दिशा । दीपक सोनी
रतलाम। मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने शुक्रवार को रतलाम जिले की सैलाना तहसील के करिया गांव में अतिवृष्टि और पीला मोजेक से प्रभावित फसलों का निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार हर प्रभावित खेत का सर्वे कराकर किसानों को मुआवजा देगी। मुख्यमंत्री ने कहा, “किसान भाई चिंता न करें, सरकार आपके साथ हर कदम पर खड़ी है।”
मुख्यमंत्री ने किसान मनोहर लाल मालवीय और राधेश्याम पाटीदार के खेतों में जाकर सोयाबीन की फसल का मुआयना किया। इस दौरान उन्होंने किसान राधेश्याम पाटीदार को गले लगाकर ढांढस बंधाया और कहा, “हम आपके साथ हैं, चिंता मत करो।” उन्होंने मुसीबत की इस घड़ी में सरकार की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।

किसान चौपाल में संवाद, केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का किया उल्लेख
खेतों के निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने करिया गांव में आयोजित किसान चौपाल में किसानों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार किसानों के प्रति संवेदनशील है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किसान सम्मान निधि के तहत सहायता दी जा रही है, वहीं राज्य सरकार भी किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 30 लाख किसानों को सोलर पंप उपलब्ध कराए जाएंगे और निराश्रित गायों से फसलों को बचाने के लिए गौशालाएं बनाई गई हैं।
सर्वे के निर्देश और सड़क निर्माण की घोषणा
मुख्यमंत्री ने जिला कलेक्टर को प्रभावित फसलों का पारदर्शी सर्वे कराने के निर्देश दिए। साथ ही, किसानों की मांग पर ग्राम रियावन से कालूखेड़ा तक सड़क निर्माण की घोषणा की।
मौके पर उपस्थित रहे ये लोग
निरीक्षण के दौरान जिले के प्रभारी मंत्री डॉ.कुंवर विजय शाह, रतलाम ग्रामीण विधायक मथुरालाल डामोर, जावरा विधायक डॉ. राजेंद्र पांडे, पूर्व विधायक संगीता चारेल, महापौर प्रहलाद पटेल, जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, जिला पंचायत अध्यक्ष लालाबाई शंभुलाल चंद्रवंशी, उज्जैन संभागायुक्त आशीष सिंह, कलेक्टर राजेश बाथम, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव सहित अन्य जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।
Author: Dashpur Disha
दशपुर दिशा समाचार पत्र भारत के प्रेस महापंजीयक कार्यालय नई दिल्ली से पंजीकृत है। दशपुर दिशा मालवांचल में खोजी पत्रकारिता के लिए चर्चित समाचार पत्र है। www. dashpurdisha.com हमारी अधिकृत वेबसाइट है।









